रतलाम। आलोट के प्री-मेट्रिक कन्या छात्रावास की 3 छात्राओं ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल को अपने छात्रावास की अधीक्षिका के खिलाफ शिकायत की है। इन छात्राओं ने कलेक्टर को बताया कि तीनों ही दलित है, अधीक्षिका इनसे अपने घर का पानी भरवाती है और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करती है। छात्राओं की समस्या सुनने के बाद कलेक्टर ने इन्हें भरोसा दिलाया कि वे खुद आलोट आकर इसकी जांच करेंगी, कलेक्टर ने इनकी शिकायत को टीएल में लिया है।
मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती सुंद्रियाल के पास पहुंची इन बालिकाओं के नाम कृष्णा पिता मदनलाल राणावत निवासी तालोद, विष्णु पिता कन्हैयालाल सोलंकी और प्रेम पिता राधेश्याम सोलंकी निवासी किशनगढ़ है। कृष्णा 11वीं, विष्णु 12 वीं और प्रेम 10 वीं की छात्रा है। तीनों बालिकाएं आलोट के सीनियर प्री-मेट्रिक छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती है। इन्होंने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि छात्रावास अधीक्षिका निर्मला झोड़िया दुव्यर्वहार करती है। पति भी होस्टल में उनके साथ ही रहते है, जबकि यह नियम विरूद्ध है। इस छात्रावास में इन तीनों बालिकाओं सहित 50 बालिकाएं रहती है।
