खबर पक्की: 25 मार्च रतलाम, प्रदेश की जनता ने कांग्रेस का राज देखा है। दिग्विजयसिंह ने प्रदेश का बंटाढार कर दिया था। उसके बाद के 15 वर्षों में भाजपा की सरकारों ने प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर विकसित राज्य बनाया। लेकिन झूठ, छल-कपट के बल पर सत्ता में आई कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने प्रदेश को फिर से बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दी गई थी। गरीबों से उनका हक छीन लिया गया था । लोकतंत्र के मंदिर वल्लभ भवन को दलालों का अड्डा बना दिया था और प्रदेश को भ्रष्टाचार में डुबा दिया था। बीते दो वर्षों से प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार है और प्रदेश एक बार फिर विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। दिल्ली की केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार डबल इंजन की सरकार है जिसने देश में मध्य प्रदेश को सबसे ज्यादा तेजी से विकास करने वाला राज्य बनाया है। हमने प्रदेश में डाकुओं और नक्सलियों का सफाया कर दिया। हमारी सरकार गरीबों किसानों की भलाई के लिए 24 घंटे काम कर रही है। गुंडो और बलात्कारियों को हम पाताल से खोज कर खत्म कर देंगे।
उक्त उद्गार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजपालसिंह सिसोदिया रतलाम में पत्रकारों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए भाजपा के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना और रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने भी पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2003 के पूर्व कांग्रेस की सरकार में डकैतों का बोलबाला हुआ करता था लोगों को एक कतार में खड़ा करके गोली मार दी जाती थी । हमारी सरकार ने जब डकैतों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की, तो कुछ मार दिए गए, कुछ ने आत्मसमर्पण कर दिया और कुछ पकड़ लिए गए। भाजपा नेताओ ने कहा कि ये काम कांग्रेस की सरकारें क्यो नही कर सकी क्योकि कि इन डकैतों को कांग्रेस सरकार में राजनीतिक संरक्षण मिलता था। सिसोदिया ने कहा कि नक्सलियों के हौसले इतने बुलंद थे कि दिग्विजय सरकार में एक मंत्री की ही गर्दन काट दी थी। हमने नक्सलियों पर रोक लगाई। दिग्विजयसिंह के समय सिमी की स्थिति को याद करते हुए सिसोदिया ने कहा कि उस समय कुएं हथियार उगलते थे। लेकिन हमारी सरकार ने सिमी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

