खबर पक्की, 2 अक्टूबर, रतलाम। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 2 अक्टूबर से 14 नवम्बर तक अखिल भारतीय जागरूकता एवं पहुंच कार्यक्रम के अंतर्गत 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम श्री राजेश कुमार गुप्ता द्वारा प्रभात फेरी/ जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर जिला न्यायालय परिसर से शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात रतलाम ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
उक्त रैली में सन् एण्ड साईन स्कूल के बच्चों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के वेष धारण किया गया। इस अवसर पर स्काउट गाईड, विधि महाविद्यालय के छात्र एवं अन्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा उक्त रैली में भाग लिया गया। उक्त प्रभात फेरी/ जागरूकता रैली पश्चात् ग्राम गोपालपुरा में वृहद मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री राजेश कुमार गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में मां सरस्वती एवं महात्मा गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जविल कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम, न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय हितेन्द्र कुमार मिश्रा, विशेष न्यायाधीश डी.एस. चौहान, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, सी.ई.ओ. जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ अभय शर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरूण श्रीवास्तव एवं अन्य न्यायाधीशगण, अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिला न्यायाधीश राजेश गुप्ता ने अपने उदबोधन में कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं का लाभ लेवे, जागरूकता रखें। आमजन को विधिक लाभ दिलाने के लिए कई विधिक सहायता योजनाएं संचालित की जा रही है। शासन द्वारा विभिन्न प्रावधान किए गए हैं। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने उद्बोधन में कहा कि शासन ने विधिक सहायता का प्रावधान रखा है। सभी विधिक सहायता योजनाओं का लाभ लेवे, यह कार्य समाज की बेहतरी के लिए है। कलेक्टर ने आह्वान किया कि सभी सद्भाव से रहें। आप लोगों को पुलिस या कचहरी के चक्कर नहीं लगाने पड़े। आपके जीवन में शांति रहे। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी ने शासन द्वारा अधिकृत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181, महिला सुरक्षा हेतु 1091, 1098 तथा 100 आदि की जानकारी दी। आपने नशे से बचने, बच्चों को पढ़ाने, संवेदनशीलता रखने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम में मध्यस्थता जागरूकता योजना, विवाद विहीन ग्राम योजना, 2000, कन्या भ्रूण हत्या, भरण पोषण, नशीली दवाईयों के दुरूपयोग एवं उन्मूलन, एसिड अटैक, सीनियर सिटीजन एवं न्यायालयीन योजनाओं, नि:शुल्क विधिक सहायता एवं सलाह, शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणजन को विस्तार से बताया गया। शिविर में लाडली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। उक्त शिविर में नालसा माड्यूल अनुसार विभिन्न विभागों के स्टाल कृषि विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला शिक्षा विभाग, पोस्ट आफिस विभाग आदि के स्टाल लगाये गये, जिसमें उन्होंने संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई और हितग्राहियों को लाभांवित किया । कार्यक्रम का संचालन सुश्री पूनम तिवारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी तथा आभार श्री अरूण श्रीवास्तव, जिला न्यायाधीश/सचिव ने माना।
शिविर में ग्राम गोपालपुरा के सरपंच व सचिव, शिक्षकगण, पैरालीगल वालेंटियर्स श्री विजय शर्मा, श्री दुर्गाशंकर खिंची, मितेश चैपड़ा श्री रविकांत गुप्ता, श्रीमती आभा निमावत, ज्योत्सना निरंजनी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। शिविर में लगभग 1500 व्यक्तियों को लाभांवित किया।
आयुष विभाग द्वारा शिविर आयोजित
आयुष विभाग रतलाम द्वारा उक्त कार्यक्रम में नि:शुल्क जागरूकता एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया जिसमें आयुष आपके द्वार थीम के अंतर्गत रोग प्रतिरोधक औषधियों की जानकारी देते हुए औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में जिला आयुष अधिकारी डॉ.बलराजसिंह चौहान, डॉ. इंतेखाब मंसूरी, डॉ. रमेश कटारा ने आमजन को आयुष औषधियों की जानकारी देते हुए मौसमी रोगों से बचाव की जानकारी भी दी। शिविर में श्रीमती सुमित्रा देशबंधु, शिकारिया ब्रह्मणे, सुनीलसिंह भदौरिया, श्रीमती कविता चौहान, मोहन खराड़ी ने अपनी सेवाएं दी। जिला आयुष अधिकारी डॉ. चौहान ने आमजन से आयुष औषधियों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।
आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत ग्राम गोपालपुरा में कार्यक्रम आयोजित
