खबर पक्की, 2 सितंबर, रतलाम। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में ऋण स्वीकृति में किसी तरह का विलंब न हो। निर्धारित लक्ष्य पूर्ति के लिए सभी बैंक पूर्ण गंभीरता से काम करें। अगले एक सप्ताह में इस तत्परता की प्रोग्रेस नजऱ आनी चाहिए। उक्त निर्देश कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने दिए। बैठक में विधायक रतलाम शहर चैतन्य काश्यप ने बैंकर्स को संवेदनशीलता रखते हुए मानवीयता के आधार पर प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती मीनाक्षीसिंह, नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झरिया, लीड बैंक मैनेजर एवं सभी बैंकों के प्रबंधक उपस्थित थे।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पथ विक्रेता योजना एवं स्वसहायता समूह के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित करने वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बैंकर्स को निर्देशित किया गया कि उक्त योजनाओं के संबंध में जितने भी प्रकरण बैंकों में लंबित है उनका निराकरण प्राथमिकता से करें। कलेक्टर श्री पुरुषोत्तम ने कहा कि जितने भी पथ विक्रेता हैं उनके पास हाथ ठेला हो जाए तो उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। इसके लिए बैंक चाहे तो कैंप लगाकर एक साथ प्रकरणों को स्वीकृत कर सकते हैं। शासन की प्राथमिकता ही हमारी प्राथमिकता है, इस उद्देश्य को मन में रखकर आपको इन योजनाओं पर फोकस करना होगा। गऱीब को इस समय काम की आवश्यकता है। उसकी आर्थिक व्यवस्था बेहतर होगी तो जीवन स्तर सुधरेगा।
विधायक चैतन्य काश्यप ने कहा कि सभी बैंकर्स इन योजनाओं को गंभीरता लेंगे तो ज़रूरतमंदों को समय पर लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति के लिए आ रही समस्याओं को दूर करें। खासतौर से आवासीय योजनाओं में लोग शीघ्र से शीघ्र अपने घरों में प्रवेश करें यह आवश्यक है। इन लोगों को घर मिलते ही झुग्गी मुक्त शहर का सपना भी साकार होगा और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि आवास योजनाओं के लिए बैंक में प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से हो तो इससे लक्ष्य पूर्ति समय सीमा में की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं के लिए भी विशेष प्रयास की आवश्यकता है। स्वनिधि से निरंतर चलने वाली प्रक्रिया में गति आएगी तो लोगों का योजनाओं के प्रति और बैंकिंग व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ेगा।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर सोमनाथ झरिया ने नगर निगम द्वारा ईडब्ल्यूएस, एमआईजी, एलआईसी योजना के तहत निर्मित आवासों की जानकारी दी। उन्होंने इन योजनाओं में बैंकर्स से सहयोग का आग्रह किया। बैठक में लीड बैंक मैनेजर एवं विभिन्न बैंकों से उपस्थित शाखा प्रबंधकों ने बैंक द्वारा ऋण प्रकरणों में की गई स्वीकृति से अवगत कराया।
शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में बैंक गंभीरता बरतें
