• Wed. Nov 4th, 2026

मेगा जॉब फेयर अवसर में हुआ युवाओं का प्लेसमेंट, 30 कम्पनियों ने विभिन्न पदों के लिए किया 537 युवाओं का चयन

BySurendra Jain

Aug 12, 2021

खबर पक्की, 12 अगस्त, रतलाम। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मेगा जॉब फेयर अवसर युवाओं के लिए भविष्य का नया अवसर लेकर उपस्थित हुआ। यहां रतलाम ही नहीं आसपास के कई जिलों से उपस्थित युवाओं को रोजगार कंपनियों ने मौके पर ही चयनित किया और उन्हें नौकरी के लिए आफर लेटर प्रदान किए। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने जॉब फेयर का अवलोकन कर उपस्थित युवाओं से चर्चा की। उन्हें शुभकामनाएं दी तथा मिल रहे रोजगार को पूरी लगन से करते हुए सुखद भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान की। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी रतलाम शहर अभिषेक गेहलोत, जिला रोजगार अधिकारी यू.पी. अहिरवार, राहुल थापक, आईटीआई चेयरमेन उमेश झालानी, योगेंद्र सागर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस के चेयरमेन भरत शर्मा, जीएमडीआईसी मुकेश शर्मा सहित विभिन्न कंपनियों के अधिकारी मौजूद थे।
श्री योगेंद्र सागर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस महू-नीमच रोड, धराड़ में आयोजित जॉब फेयर के दौरान 30 कम्पनियों ने विभिन्न पदों के लिए युवाओं का चयन किया। मेगा जॉब फेयर कैंपस प्लेसमेंट सिलेक्शन की तर्ज पर आयोजित हुआ। आयोजन स्थल पर प्रात: से ही युवा उपस्थित हो गए थे, जिन्हें रजिस्ट्रेशन अनुसार विभिन्न कंपनियों के लिए निर्धारित कक्षाओं में भेजा गया। आयोजन स्थल पर भूतल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल पर विभिन्न कक्षों में कंपनियों के पदाधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने उपस्थित युवाओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया, उनका साक्षात्कार लिया तथा योग्य पाए जाने पर उन्हें आफर लेटर दिए।
अपना लक्ष्य निर्धारित करें और आगे बढ़े
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी ने यहां उपस्थित युवाओं से चर्चा की। युवाओं ने इस दौरान बताया कि इस तरह का जॉब फेयर पहली बार देखने को मिला है जहां इतनी आसानी से कार्य हो रहा है। युवाओं ने इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद भी दिया। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने इस अवसर पर युवाओं से कहा कि वे आज जिस नौकरी को पाने के लिए इतना संघर्ष कर रहे हैं, उस नौकरी में रहते हुए वह पूरी निष्ठा और लगन से काम करें तथा अपने भविष्य को उज्जवल बनाएं। काम कोई भी छोटा या बड़ा नहीं होता, करने की लगन है व्यक्ति को मज़बूत बनाती है। इससे आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आगे और अच्छे अवसरों के लिए अपने आप कको तैयार करें।
जिला पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी में युवाओं से कहा कि वे हर कार्य करने में सक्षम हैं। जिस नौकरी के लिए विभिन्न संस्थाओं में घूमना पड़ता है, आज वे सभी संस्थाएं आपको नौकरी प्रदान करने के लिए एक स्थान पर उपस्थित है। इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ लें और आज जो नौकरी प्राप्त कर रहे हैं उसे छोड़े नहीं, नौकरी में रहते हुए और बेहतर करने का प्रयास करें। इस अवसर पर चयनित युवाओं को आफर लेटर भी प्रदान किए गए।
कंपनियों ने किया विभिन्न पदों के लिए चयन
जॉब फेयर में निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा ट्रेनी असिस्टेंट, सुरक्षा गार्ड, टेक्नीशियन, सेल्समैन, ऑपरेटर, ग्रुप लीडर, हेल्पर, लेब असिस्टेंट, एग्जीक्यूटिव आदि पदों पर भर्ती की गई। जॉब फेयर में धूत ट्रांसमिशन, टेक्नो क्लीन एयर इंडिया, एवर्टेक, मिंडा कारपोरेशन, पॉलीबॉन्ड, इंडस, केप्को, रैड स्टैंड, पीएनबी, आईशर, मदरसन, प्रतिभा सिंटेक्स, नवशक्ति पीथमपुर मेटल पावर, पोरवाल इंडस्ट्रीज, अजमेरा स्टील, मोहन फ़ूड, अग्रवाल इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, चंद्रा मोटर्स, श्री स्टील, टाइगर सिक्योरिटी, राज कंसलटेंसी जैसी कंपनियां शामिल हुई।
युवाओं को लाने-ले-जाने के लिए बस सुविधा भी रही
मेगा जॉब फेयर स्थल पर बेरोजगार युवाओं का लाने-ले-जाने के लिए प्रशासन द्वारा बस सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसका लाभ युवाओं ने लिया।

error: Content is protected !!