खबर पक्की, 19 नवंबर, रतलाम। जिले के बांगरोद में बुधवार रात तीन से चार अज्ञात लोगों ने 24 साल के युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को सीने, पेट और गले पर चाकू के कई वार लगे थे। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हमलावरों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
घटना नामली थाना क्षेत्र की बांगरोद चौकी के अंतर्गत बुधवार रात करीब 9:30 बजे हुई। बांगरोद निवासी तेजपाल पिता ईश्वरलाल पाटीदार रेलवे स्टेशन से आगे गैस एजेंसी के पास खेत की ओर जाने वाले रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान तीन से चार अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
शोर मचाने पर पहुंचे लोग, हमलावर भागे
हमलावरों ने तेजपाल के बाएं हाथ की तरफ सीने पर, सीने के नीचे, दाएं हाथ की तरफ पेट और गले पर चाकू से वार किए। हमले के दौरान युवक ने शोर मचाया तो रास्ते से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक हमलावर भाग चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बांगरोद पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। युवक ने पुलिस को बताया था कि तीन से चार अज्ञात लोगों ने उस पर हमला किया है। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।
एसपी ने घटनास्थल और चौकी पहुंचकर ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अमित कुमार ने संज्ञान लिया। देर रात एसपी अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और संबंधित पुलिस चौकी पर अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। इसके बाद एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान, नामली थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद, बांगरोद चौकी प्रभारी वीडी जोशी और साइबर सेल की टीम जांच में जुट गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। नामली और बांगरोद क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
युवक पर चाकू से हमला, मौत : सीने और गले पर किए कई वार, ग्रामीण पहुंचे तो छोड़कर भागे हमलावर
