नईदिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। चुनाव आयोग ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर गुजरात चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। गुजरात में दो चरण में चुनाव होगा, पहले चरण में 89 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा. पहले चरण के लिए 9 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में 93 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा, दूसरे चरण के लिए 14 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। पहले चरण में 19 जिले में वोटिंग होगी, तो वहीं दूसरे फेज़ में 14 जिले में वोट डाले जाएंगे। प्रेस कान्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति ने कहा कि गुजरात की 182 सीटों पर कुल 4.30 करोड़ वोटर हैं। चुनावों के लिए 50,128 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गुजराती भाषा में भी वोटिंग गाइड दी जाएगी। चुनावों में VVPAT का इस्तेमाल होगा।
अचल कुमार ज्योति ने कहा कि हर पोलिंग बूथ पर एक महिला चुनावकर्मी मौजूद रहेगी, ऐसा गुजरात के चुनावों में पहली बार होगा। सभी उम्मीदवारों को हलफनामा भरना होगा, अगर हलफनामे में कोई भी कॉलम खाली रहता है, तो उम्मीदवार को नोटिस भेजा जाएगा। हर सीट की पोलिंग बूथ की VVPAT पर्चियों की गिनती होगी। 102 बूथ पर महिला पोलिंग स्टाफ मौजूद रहेगा।
