खबर पक्की, 15 जून, रतलाम। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के गेहूं की अफरा तफरी करने पर मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन जिला रतलाम के परिवहनकर्ता हारून छिपा के मैसर्स डीलक्स रोड लाइंस जावरा का अनुबंध निरस्त कर फॉर्म को ब्लैक लिस्टेड करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन के परिवहनकर्ता जावरा सेक्टर के हारून छिपा मैसर्स डीलक्स रोड लाइंस जावरा को 27 मई 2021 को लोहारी उचित मूल्य दुकान को प्रदान करने हेतु 133.11 क्विंटल गेहूं प्रदान किए गए थे। इनके द्वारा उपरोक्त प्रदान किए गए गेहूं की अफरा तफरी करने के कारण 28 मई 2021 को मध्यदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 के प्रावधानों का उल्लंघन किया जाना पाए जाने पर इनसे गेहूं एवं दो वाहन जप्त किए गए तथा जब्त किए गए गेहूं एवं दो वाहन शाखा प्रबंधक मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कार्पोरेशन जावरा की सुपुर्दगी में दिए गए। हारून छिपा एवं अन्य के विरुद्ध पुलिस थाना जावरा में सहायक आपूर्ति अधिकारी द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई।
जांच दलों का गठन
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 अन्तर्गत पात्र हितग्राहियों को मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना अन्तर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों से पात्रता अनुसार राशन सामग्री वितरण कराने एवं प्रदत्त सामग्री के अपयोजन, व्यपवर्तन की रोकथाम हेतु कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने अनुविभागवार जांच दलों का गठन किया है।
गठित दल में रतलाम शहर हेतु कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रश्मि खाम्बेटे, सहकारिता निरीक्षक आर.सी. बामनिया, रतलाम ग्रामीण हेतु कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मोहित मेघवंशी, सहकारिता निरीक्षक आर.सी. बामनिया, जावरा हेतु सहायक आपूर्ति अधिकारी जावरा एम.एस. ठाकुर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पिपलौदा प्रेम कुमार अहिरवार, सहकारिता निरीक्षक जावरा आर.के. सोनी, सहकारिता निरीक्षक पिपलौदा आशीष व्होरा, आलोट हेतु कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आलोट आकाश गौड, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ताल प्रेम कुमार अहिरवार, सहकारिता निरीक्षक एम.सी. मालवीय, सैलाना हेतु सहायक आपूर्ति अधिकारी सैलाना एस. ए.ए. नकवी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी बाजना आर.एन. दिवाकर, सहकारिता निरीक्षक सैलाना आर.के. खन्ना तथा सहकारिता निरीक्षक बाजना श्री आर.के. कुमावत शामिल हैं।
गठित जांच दलों से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उनके क्षेत्रान्तर्गत संचालित उचित मूल्य दुकानों में से कम से कम दो उचित मूल्य दुकानों की आकस्मिक जांच प्रति सप्ताह रेण्डमली चयन कर अनिवार्यत: कराएंगे तथा जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर की गई कार्यवाही से अवगत करवाएंगे।
गेहूं की अफरा-तफरी करने पर हारून छिपा को ब्लैक लिस्टेड कर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश
