खबर पक्की 19 मार्च,रतलाम। गुजरात के भुज जिले में रतलाम के निवासी कसेरा दंपत्ति से लाखों रुपए की नकली नोट मिलने के बाद रतलाम पुलिस भी हरकत में आई और गुरुवार की देर शाम को पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी के निर्देश में एसपी इंद्रजीत बाकलवार के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुनील पाटीदार के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान के नेतृत्व में माणक चौक थाना प्रभारी अयूब खान, उप निरीक्षक सचिन डाबर, पिंकी आकाश, अनुराग यादव साइबर सेल अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने टीम गठित कर राहुल पिता कृष्ण गोपाल कसेरा के निवास स्थान कसेरा बाजार पर दबीश दी।
राहूल के परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर घर की दूसरी मंजिल के उस कमरे की तलाशी ली गई जहां राहूल और उसकी पत्नी रहते थे। इस कमरे की तलाशी में एचपी कम्पनी का कलर प्रिन्टर,एचपी का लैपटाप बरामद हुआ। लैपटाप के नीचे दो हजार रु. के चौदह नकली नोट और पांच सौ रु. के नकली नोट इस प्रकार कुल 33 हजार रु. के नकली नोट बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी दम्पत्ति के कमरे से नकली नोट तैयार करने की सामग्री,कलर प्रिन्टर,पेनड्राइव इत्यादि के साथ सोने चांदी के गहने भी इस कमरे से जब्त किए। पुलिस टीम से राहूल के कसेरा बाजार स्थित घर की तलाशी लेने के साथ संत नगर स्थित उसके गोदाम की भी तलाशी ली और दोनो स्थानों को सील कर दिया।
आरोपी राहूल और उसकी पत्नी मेघा के विरुद्ध माणकचौक पुलिस थाने पर भादिव की धारा 489 ए,489 सी और 489 डी के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि अब तक रतलाम पुलिस का गुजरात पुलिस से कोई सम्पर्क नहीं हुआ है। रतलाम पुलिस शीघ्र ही गुजरात पुलिस से सम्पर्क करेगी।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को यह जानकारी सामने आई थी कि गुजरात के भुज में रतलाम के राहूल कसेरा और उसकी पत्नी को गुजरात पुलिस ने लाखों रुपए के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी भी सामने आई थी कि कसेरा दम्पत्ति ने नकली नोटों से भुज में मोबाइल और इलेक्ट्रानिक सामान की खरीददारी की थी। पकडे जाने पर राहूल के पास से एक पत्रकार संघ का रवि गुप्ता के नाम का एक फर्जी परिचय पत्र भी बरामद हुआ था। यह खबर सामने आने के बाद ही रतलाम पुलिस सक्रिय हुई थी।
