• Mon. Sep 21st, 2026

गणतंत्र दिवस तैयारियों की समीक्षा की गई, अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए

BySurendra Jain

Jan 18, 2021

खबर पक्की, 19 जनवरी, रतलाम। आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा सोमवार को बैठक में की गई। कलेक्टर गोपालचंद्र डाड द्वारा गणतंत्र दिवस आयोजन के लिए विभिन्न दायित्व अधिकारियों को सौंपे गए और समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, सीईओ जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत बाकलवार, एसडीएम अभिषेक गहलोत, एम.एल. आर्य, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिराली जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों के संदर्भ में निर्देशित किया कि गणतंत्र दिवस आयोजन पर ध्वज संहिता का विशेष ख्याल रखा जाए। किसी भी स्थान पर कोई गलती नहीं हो यह सुनिश्चित करें। झांकी निर्माण भी विभागों द्वारा किया जाना है। गणतंत्र दिवस पर परेड, ध्वजारोहण, मुख्य अतिथि द्वारा उद्बोधन, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, उत्कृष्ट व्यक्तियों को पुरस्कार तथा शासकीय विभागों द्वारा झांकियां बनाई जाएंगी।
बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड-वैक्सीन पर आधारित झांकी प्रदर्शित की जाएगी। डीपीसी द्वारा अब पढ़ाई नहीं रुकेगी, कृषि विभाग द्वारा आत्मनिर्भर भारत, आदिम जाति कल्याण विभाग वन अधिकार पट्टा वितरण, उद्यानिकी विभाग हाइड्रोफोनिक खेती, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी जल जीवन मिशन उद्योग विभाग रतलामी नमकीन पर आधारित आत्मनिर्भर भारत, जिला पंचायत महिला स्वयं सहायता समूह तथा सामाजिक न्याय विभाग नशा मुक्ति की थीम पर झांकी बनाएगा। अन्य विभाग भी झांकी निर्माण करेंगे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उत्कृष्ट अधिकारियों, कर्मचारियों को पुरूस्कृत करने के लिए आगामी 23 जनवरी तक जानकारी भिजवा दी जाए।
जिले में नशा मुक्ति शपथ का बनेगा वल्र्ड रिकॉर्ड
बैठक में कलेक्टर द्वारा बताया गया कि नशा मुक्त भारत अभियान में रतलाम जिला अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आगामी 27 जनवरी को नशा मुक्ति शपथ का वल्र्ड रिकॉर्ड रतलाम जिले में बनाया जाएगा। भारत सरकार की माय जीओवी वेबसाइट पर ऑनलाइन शपथ ली जाएगी। इसके लिए लोगों को लिंक प्रेषित की जाएगी। ऑनलाइन शपथ 26 जनवरी की रात्रि 12 बजे से लेकर 27 जनवरी की रात्रि 12 बजे तक ली जाकर वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इसके लिए जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों को लक्ष्य आवंटित किए जाएंगे कि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों को शपथ से जोड़ें। जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने नशा मुक्ति के संबंध में मॉय जीओवी वेबसाइट पर आयोजित चित्रकला निबंध तथा शॉट वीडियो प्रतियोगिता की भी जानकारी दी।

error: Content is protected !!