• Sun. Sep 20th, 2026

मंडियों में शुभ मुहूर्त में सोयाबीन 5111, गेहूं 2222, लहसुन 21 हजार 51 रुपये व प्याज 6100 रुपये प्रति क्विंटल का सौदा हुआ

BySurendra Jain

Nov 19, 2020

खबर पक्की, 19 नवंबर, रतलाम। दीपावली अवकाश के बाद गुरुवार को लाभ पंचमी पर महू रोड स्थित अनाज व पावर हाउस रोड स्थित लहसुन-प्याज नीलाम मंडी खुली। लहसुन-प्याज नीलम मंडी में पहले बजरंग बलि मंदिर पर आरती की गई और दरगाह पर चादर चढ़ाई गई। उधर अनाज मंडी स्थित माताजी मंदिर पर भी आरती की गई। इसके बाद कारोबार के उज्जवल भविष्य को लेकर शुभ मुहूर्त के सौदे हुए। शुभ मुहूर्त में सोयाबीन 5111, गेहूं 2222, लहसुन 21 हजार 51 रुपये व प्याज 6100 रुपये प्रति क्विंटल का सौदा हुआ। व्यापारियों के अनुसार हर साल लाभ पंचमी पर मुहूर्त के सौदे व्यापार का नए सिरे से आगाज माना जाता है और एक तरह से व्यापारिक नव वर्ष की शुरुआत भी होती है। व्यापारी व किसान मुहूर्त में सौदा करने को बेहतर, खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक मानते हैं। उनका मानना है कि शुभ मुहूर्त में सौदा करने से वर्ष भर बेहतर व्यापार रहता है।
इसलिए व्यापारी ऊंची बोली लगाकर मुहूर्त के सौदे करते हैं। गुरुवार सुबह पहले प्याज- लहसुन मंडी में मुहूर्त के सौदे के लिए किसान कमलसिंह निवासी बड़ोदिया द्वारा लाये लहसुन की बोली लगाई गई, नारायण स्वामी फर्म के व्यापारी नारायण जाधव ने सबसे ज्यादा 21 हजार 51 रुपये किंवटल की बोली लगाकर मुहूर्त का सौदा किया। उधर अनाज मंडी में सबसे पहले किसान रणजीतसिंह निवासी ग्राम ईटावा माताजी के सोयाबीन की 5111 रुपए किंवटल की सबसे ऊंची लगाकर विमल ट्रेडर्स के व्यापारी विमल मालक ने मुहूर्त का सौदा किया।
वहीं किसान अशरफ भाई निवासी ग्राम रामपुरिया के गेहूं की सबसे ज्यादा 2222 रुपये किंवटल की बोली लगाकर बालाजी एग्रो फर्म के व्यापारी मनोज जैन और किसान रामजी निवासी ग्राम पन्नाखेड़ी के प्याज की 6100 रुपये किंवटल की बोली लगाकर व्यापारी नारायण जाधव ने मुहूर्त का सौदा किया। आरती व मुहूर्त के सौदों के कार्यक्रम में एसडीएम अभिषेक गहलोत, मंडी सचिव एमएल बारसे व बड़ी संख्या में व्यापारी व किसान उपस्थित थे। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को दीपावली की बधाई व शुभकामनाएं दी। मंडी सचिव ने किसानों को पगड़ी बांधकर व उनका मुंह मीठा कराकर स्वागत भी किया।

error: Content is protected !!