• Sun. Sep 20th, 2026

सड़क हादसे में महिला पुलिसकर्मी की मौत

BySurendra Jain

Oct 31, 2020

खबर पक्की, 31 अक्टूबर, रतलाम। इंदौर-नीमच हाइवे (नयागांव-लेबड़ फोरलेन) पर ग्राम रीछाचांदा के समीप सड़क हादसे में दोपहिया वाहन पर सवार महिला पुलिसकर्मी 24 वर्षीय आरती व्यास निवासी ग्राम डोरवाड़ा थाना नारायाणगढ़ जिला मंदसौर की मौत हो गई। उसे किस वाहन ने टक्कर मारी, यह पता नहीं चल पाया।
पुलिस वाहन व उसके चालक की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 में आरती पुलिस विभाग में भर्ती हुई थी। वह स्थानीय पुलिस लाइन में पदस्थ होकर अवकाश पर घर गई थी।
अवकाश खत्म होने पर ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए वह शनिवार सुबह गांव से एक्टिवा वाहन से वापस रतलाम लौट रही थी। तभी रास्ते में रिंगनोद थाना क्षेत्र के ग्राम रीछाचांदा के समीप किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसे गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे और उसका शव पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाया।
दोपहर करीब ढाई बजे पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा गया। जावरा एसडीओपी रवींद्र बिलवाल व अन्य अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उसे श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उसके शव को पैतृक गांव डोरवाड़ा ले जाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।

error: Content is protected !!