खबर पक्की, 20 अक्टूबर, रतलाम। भाजपा की पूर्व सरकार के कार्यकाल में साधिकार समिति द्वारा स्वीकृत रतलाम की रिडेंसीफिकेशन योजना को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप ने योजना की क्रियान्वयन एजेंसी आरडीए (रतलाम विकास प्राधिकरण) के पदेन अध्यक्ष एवं कलेक्टर गोपालचंद डाड के साथ मंथन किया। इससे पूर्व श्री काश्यप एवं श्री डाड के समक्ष रिडेंसीफिकेशन योजना के तहत होने वाले कार्यों का कंसलटेंट एजेंसी द्वारा विस्तार से प्रेजेंटेशन दिया गया।
रिडेंसीफिकेशन योजना के तहत रतलाम में गोल्ड पार्क, जिला अस्पताल में 300 बिस्तरों वाला नवीन भवन एवं कम्युनिटी हॉल सहित अन्य शासकीय सम्पत्तियों का निर्माण किया जाना है। श्री काश्यप एवं श्री डाड ने योजना के सभी पहलुओं पर चर्चा कर कंसलटेंट एजेंसी को सभी प्रस्तावित कार्य जल्द से जल्द पूरे कराने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
श्री काश्यप ने बताया कि जिला अस्पताल भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यहां नवीन भवन का निर्माण जल्द करना आवश्यक हो गया है। अस्पताल परिसर में भवन की कमी से रोगियों एवं उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नए भवन के निर्माण से रोगियों के उपचार में काफी सुविधा मिलेगी।
इसी प्रकार रतलाम के गोल्ड व्यवसाय की ख्याति देशभर में है। गोल्ड पार्क का निर्माण होने पर शहर के सोना-चॉदी के व्यवसाय को नई गति मिलेगी और व्यवसायी आधुनिक सुविधाओं के साथ अपने व्यापार को ऊॅंचाईयों पर ले जा सकेंगे। गोल्ड पार्क बनने पर रतलाम में नए व्यवसायियों को भी आगे आने का अवसर मिलेगा, जिससे सोना-चॉदी के व्यवसाय के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
श्री काश्यप के अनुसार नगर में कम्युनिटी हॉल की आवश्यकता भी लम्बे समय से बनी हुई है। रिडेंसीफिकेशन के तहत 800 से 1000 लोगों की क्षमता का कम्युनिटी हॉल बनने पर सामूहिक आयोजनों के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। कंसलटेंट एजेंसी मेहता एसोसिएट्स इंदौर के जितेन्द्र मेहता ने रिडेंसीफिकेशन योजना के तहत बनने वाले अस्पताल भवन का नक्शा प्रस्तुत किया। उन्होंने गोल्ड पार्क एवं अन्य कार्यों की जानकारी भी दी। प्रेजेंटेशन पश्चात इन सभी कार्यों पर चर्चा कर इन्हें जल्द से जल्द पूर्ण कराने का निर्णय लिया गया।
पुलिस मारपीट मामले में दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा : विधायक काश्यप
खबर पक्की, 20 अक्टूबर, रतलाम। पुलिस द्वारा मारपीट एवं जुलूस निकाले जाने के बाद कल्याण नगर निवासी 21 वर्षीय सागर पिता अमृतलाल माली द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में माली समाज का प्रतिनिधि मण्डल विधायक चेतन्य काश्यप से मिला और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। श्री काश्यप ने कलेक्टर गोपालचंद डाड एवं एसपी गौरव तिवारी से चर्चा की और समाजजनों को आश्वस्त किया कि इस मामले में दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा।
माली समाज का प्रतिनिधि मण्डल प्रदेश अध्यक्ष विनोद माली के नेतृत्व में श्री काश्यप से मिला और उन्हें पूरे घटना क्रम की जानकारी दी। श्री माली ने बताया कि मृतक सागर के विरूद्ध कोई आपराधिक प्रकरण नहीं था, इसके बाद भी पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की एवं जुलूस निकाला। इससे क्षुब्ध होकर सागर ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। समाजजनों ने श्री काश्यप से दोषी पुलिसकर्मियों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कडी से कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। श्री काश्यप ने कलेक्टर एवं एस.पी. से चर्चा कर इस मामले को लेकर निष्पक्ष एवं कठोर कार्यवाही करने पर बल दिया। इस दौरान मृतक के पिता अमृतलाल माली, जीतू माली, अशोक देवड़ा, बाबूलाल पटेल, राधेश्याम माली, मनीष माली, नितिन राठौड़, गोपाल माली, आशीष पण्डित एवं निर्मल कटारिया मौजूद रहे।
