• Fri. Jul 31st, 2026

कलेक्टर कार्यालय के एटीए से गायब हुए 25 लाख रूपए, कंपनी कर्मचारियों पर ही पुलिस को शंका

BySurendra Jain

Sep 2, 2017

रतलाम। कलेक्टर कार्यालय स्थित एटीएम पर शुक्रवार शाम चोरी की बड़ी वारदात हो गई। चोर एटीएम में लोड करीब 25 लाख रूपए ले गए है। वारदात के तरीके से पुलिस को शंका है कि एटीएम में रूपए लोड करने वाली कंपनी के ही कर्मचारियों ने यह वारदात की है। एटीएम को बकायदा चाबी से खोला गया, पासवर्ड डाला गया और इसके बाद रूपए निकाले गए।

शनिवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को इस वारदात का पता चला। दरअसल कलेक्टर कार्यालय के एटीएम में शुक्रवार शाम को ही 40 लाख रूपए लोड किए गए थे। शनिवार दोपहर तक एटीएम खाली हो गया, बैंक तक इसकी शिकायत पहुंची। बैंककर्मी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि 40 लाख रूपए लोड होने के बाद करीब 15 लाख रूपए ही उपभोक्ताओं द्वारा निकाले गए है, बाकी रकम नदारद है। तत्काल ही पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे एसपी अमित सिंह ने जांच के बाद मीडियाकर्मियों को बताया कि वारदात के तरीके से स्पष्ट है कि रूपए लोड करने वाली कंपनी के कर्मचारी या पूर्व कर्मचारी ही इसमें संलिप्त है, पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

हलो, हरीओम बोल रहा हूं

एटीएम में रूपए लोड करने का काम रतलाम में राइटर सेफ गार्ड कंपनी को सौंपा गया है। कलेक्टर कार्यालय के एटीएम पर तैनात गार्ड महेश राव ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे दो लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर यहां पहुंचे थे। दोनों ने भीतर घुसने के बाद शटर लगाना चाही, मैंने बात की तो उन्होंने कहा- हम कंपनी के लोग है। एटीएम का रोल बदलना है। महेश के अनुसार मैंने इन लोगों पर भरोसा नहीं किया और मैनेजर से बात कराने को कहा। फिर इनमें से एक ने मोबाइल पर कॉल किया- कहा हेलो, हरिओम बोल रहा हूं, लो गार्ड से बात कर लो। मैनेजर से बात होने के बाद मैंने इन्हें एटीएम का शटर लगाने दिया। कुछ देर बाद दोनों ही यहां से रवाना हो गए।

error: Content is protected !!