• Fri. Nov 6th, 2026

रतलाम में कोविड-पेशेंट के प्लाज्मा थेरेपी से उपचार की तैयारी, प्लाज्मा डोनर्स के साथ बैठक आयोजित की गई

BySurendra Jain

Aug 19, 2020

खबर पक्की, 19 अगस्त, रतलाम। रतलाम में कोविड- पेशेंट का प्लाज्मा थेरेपी से उपचार करने की तैयारी अंतिम दौर में है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कार्य योजना को मूर्तरूप देने के लिए बुधवार को एक बैठक आयोजित की। बैठक में सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे, डॉ. प्रमोद प्रजापति, गोविंद काकानी, प्लाज्मा डोनेशन के इच्छुक मोहम्मद शेरू, वैभवसिंह चौहान, अमन जैन, पारस गुणावत तथा जिला चिकित्सालय के डॉक्टर्स उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि अब तक 23 प्लाज्मा डोनर्स तैयार हो चुके हैं जिनके प्लाज्मा से उन कोविड- रोगियों का उपचार किया जाएगा जिनकी इम्युनिटी अत्याधिक कमजोर है। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने प्लाज्मा डोनेशन के इच्छुक व्यक्तियों को बधाई देते हुए कहा कि आप लोगों से अन्य व्यक्ति भी प्रेरित होंगे। आप कोरोनाकाल में आईकॉन साबित होंगे। आप लोग ऐसे कोरोना मरीजों के मददगार साबित होंगे जिनकी इम्युनिटी कमजोर है, उनके लिए आपका प्लाज्मा वरदान साबित होगा क्योंकि आपकी वजह से वे लोग कोरोना से लड़ पाएंगे। कलेक्टर ने बताया कि सभी आवश्यक ब्लड टेस्ट के साथ ही प्लाज्मा डोनर्स का एंटीबॉडी टेस्ट भी होगा। इसके बाद डोनर्स को इंदौर भेजा जाएगा जहां रक्त से प्लाज्मा पृथक करने की मशीन उपलब्ध है। प्रत्येक जरूरतमंद कोविड- पेशेंट को 400 मी.ली. प्लाज्मा चढ़ाया जाएगा। इस दौरान गोविंद काकानी में भी प्लाज्मा डोनेशन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अभी मात्र इंदौर, भोपाल तथा ग्वालियर में ही प्लाज्मा थेरेपी से कोविड- पेशेंट का उपचार किया जा रहा है। जबलपुर में अभी प्रक्रिया चल रही है, अब रतलाम भी प्रदेश के उन चुनिंदा जिलों में शामिल होने जा रहा है जहां प्लाज्मा थेरेपी से कोविड- मरीजों का उपचार होगा।

error: Content is protected !!