• Sun. Sep 20th, 2026

सभी विभागों के अधिकारी ईमानदारी के साथ कार्य करके जिले के विकास को नए आयाम दे, जिला विकास समन्वय एवं मानिटरिंग कमेटी की बैठक सांसद डामोर की अध्यक्षता में संपन्न

BySurendra Jain

Aug 7, 2020

खबर पक्की, 7 अगस्त, रतलाम। सभी विभागों के अधिकारी ईमानदारी के साथ कार्य करके रतलाम जिले के विकास को नए आयाम दे। गरीब, कमजोर व्यक्तियों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों का क्रियान्वयन जिम्मेदारी के साथ करें। यह निर्देश शुक्रवार को संपन्न जिला विकास समन्वय एवं मानिटरिंग कमेटी की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए। सांसद गुमानसिंह डामोर की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में रतलाम-मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक शहर चैतन्य काश्यप, विधायक जावरा डॉ. राजेंद्र पांडे, विधायक रतलाम ग्रामीण दिलीप मकवाना, जिला पंचायत प्रधान परमेश मईडा, राजेंद्रसिंह लुनेरा, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, सीईओ जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा तथा विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बीपीएल परिवारों के सत्यापन अभियान संबंधी समीक्षा के दौरान सांसद डामोर ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि बीपीएल सूची से जिन परिवारों व्यक्तियों के नाम हटाए जाएं, वह संपूर्ण जांच के पश्चात ही हटाए। विधायक काश्यप ने कहा कि गलत तरीके से अथवा पात्र हितग्राही व्यक्ति के नाम हटाए जाने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार रहेंगे। शासकीय अमला यदि जवाबदारी से कार्य करेगा तो शत-प्रतिशत रूप से सही व्यक्तियों के नाम सूची में आएंगे। विधायक श्री पांडे ने कहा कि जिन व्यक्तियों के पास पात्रता पर्ची है उनको राशन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने बताया कि सूची से जिन व्यक्तियों के नाम हटाए गए हैं वह सूचियां ग्राम पंचायतों तथा अन्य कार्यालयों स्थानों पर चस्पा की गई है जहां कोई भी व्यक्ति आकर अपना नाम चेक कर सकता है। बताया गया कि विगत 2 वर्षों में लगभग 2700 व्यक्तियों के नाम बीपीएल सूची से हटाए गए हैं। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि हटाए गए नामों का पुन: सत्यापन कर लेवे ताकि कोई पात्र व्यक्ति का नाम नहीं हटे। विधायक श्री काश्यप ने कहा कि उचित मूल्य दुकानों से हॉस्टल, आंगनवाड़ी इत्यादि को जाने वाले राशन में गड़बड़ी को चेक करने के लिए जानकारी देवें कि विगत दिनों में कितनी मात्रा में राशन की जब्ती की गई है जो संबंधित संस्था को जाना था परंतु नहीं गया।
विधायक काश्यप सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को पेंशन राशि वितरण की समीक्षा के दौरान निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि नगर निगम कार्यालय में शहर के हितग्राहियों के डाटा चेक कर त्रुटियों को दुरुस्त किया जाए ताकि सभी पात्र व्यक्तियों को पेंशन लाभ मिल सके। इसके साथ ही विधायक श्री काश्यप ने रतलाम शहर में नगर निगम द्वारा पेयजल आपूर्ति की समीक्षा में यह भी निर्देशित किया कि धोलावाड़ में पेयजल उपलब्धता के अनुरूप नगर की आवश्यकता एवं की जा रही पेयजल आपूर्ति के संबंध में सही अध्ययन के साथ जानकारी प्रस्तुत की जाए, जवाब स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किए जाएं। नगर में घरेलू औद्योगिक एवं व्यवसायिक क्षेत्रों के लिए जलापूर्ति का वास्तविक आकलन कर सुनियोजित ढंग से कार्ययोजना तैयार करके प्रस्तुत की जाए। श्री काश्यप ने कहा कि रतलाम शहर के औद्योगिक क्षेत्र की जलापूर्ति कनेरी डैम से योजना बनाकर की जा सकती है। इसके अलावा कनेरी नदी डैम के माध्यम से सैलाना क्षेत्र में जलापूर्ति की योजना बनाई जाना चाहिए। सांसद गुप्ता तथा विधायक पांडे ने जावरा क्षेत्र में चंबल नदी का पानी लाने के संबंध में चर्चा करते हुए जल निगम के माध्यम से प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। रतलाम शहर में मिनी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की समीक्षा के लिए आगामी दिनों स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करना तय किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान विधायक श्री काश्यप ने निर्देश दिए कि हितग्राही के पहचान पत्र को आधार से जोड़ा जाकर यह पता लगाया जा सकता है कि किसी व्यक्ति द्वारा गांव एवं शहर दोनों स्थानों पर तो आवास लाभ नहीं लिया गया है, इससे क्रॉस चेक की सुविधा होगी। मनरेगा योजना की समीक्षा में सांसद श्री डामोर ने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि संपन्न कार्यों तथा किए जाने वाले कार्यों की विधानसभावार जानकारी बनाकर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। विधायक ग्रामीण दिलीप मकवाना के ध्यानाकर्षण पर सांसद डामोर ने सीईओ जिला पंचायत को निर्देश दिए कि रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा कार्यों की जांच करवाई जाए। विधायक श्री काश्यप ने कहा कि गांवों में शमशान की गांव से कनेक्टिविटी की जानकारी लेकर यदि कहीं कनेक्टिविटी नहीं हो तो मनरेगा योजना की राशि से कार्य कराया जाए। सांसद डामोर ने जनपद पंचायतों के सीईओ के माध्यम से उक्त जानकारी निकलवाने के निर्देश दिए।
जिले में ग्रामवार खेल मैदानों की जानकारी भी बैठक में ली गई। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे ने कहा कि हर एक गांव में खेल मैदान का बोर्ड भी लगाया जाए ताकि पता चले कि यह गांव का खेल मैदान है। सांसद श्री डामोर ने निर्देश दिए कि 1 माह में जिले के सभी गांव में उपलब्ध खेल मैदानों के नामकरण बोर्ड स्थापित कराकर फोटोग्राफ्स दिशा समिति को उपलब्ध करवाए जाएं। सांसद श्री डामोर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा के निर्देश दिए कि इस वर्ष जिले में स्कूलों में गुणवत्ताक्त शिक्षा सुनिश्चित की जाकर प्रयास करें कि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी मेरिट में स्थान पाएं। शासकीय स्कूलों में कक्षावार नामांकन, गणवेश, हमारा घर हमारा विद्यालय, शैक्षिक संवाद आदि कार्यक्रमों की भी समीक्षा जनप्रतिनिधि द्वारा की जाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विधायक श्री काश्यप ने रतलाम शहर के शासकीय विद्यालयों में इस वर्ष के परीक्षा परिणाम की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी तथा डीपीसी द्वारा अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने पर सांसद श्री डामोर तथा श्री गुप्ता ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि गामी बैठक में पूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित हो अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिपलोदा के बंद छात्रावास को पुन: चालू करने के संबंध में भी चर्चा करते हुए विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे ने निर्देश दिए कि इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भिजवाया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए जरूरी भवनों के निर्माण हेतु अपनी विधायक निधि से भी राशि उपलब्ध कराएंगे।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों पर चर्चा करते हुए सांसद श्री डामोर द्वारा निर्देशित किया गया कि स्वयं सहायता समूह का ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान हो सकता है, इनको सही दिशा में अग्रसर किया जाए। बताया गया कि जिले में एनआरएलएम स्वयं सहायता समूह द्वारा पीपी किट निर्माण, साबुन निर्माण जैसी कई आर्थिक गतिविधियां संचालित की जा रही है।
बैठक में स्कूलों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम की भी समीक्षा करते हुए सांसद श्री डामोर ने निर्देश दिए कि कम से कम 1 माह का मीनू निर्धारित किया जाकर उसी अनुसार बच्चों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए। पंचायत सचिवों की पदस्थापना पर भी चर्चा की गई।
बैठक में शिवगढ़ से बाजना तक लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन सड़क की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सांसद श्री डामोर ने कार्यपालन यंत्री श्री गुप्ता को निर्देशित किया कि प्राक्कलन को पुनरीक्षित करते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करें। सड़क निर्माण हेतु वन विभाग की भूमि के संबंध में जनप्रतिनिधियों द्वारा वन विभाग के प्रमुख सचिव से चर्चा की जाएगी।
विधायक श्री पांडे कहा कि सभी पात्र किसानों को बीमा राशि मिले, इस संबंध में निचले स्तर पर जो भी गड़बडिय़ां हुई है उसका पता लगाकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। विधायक श्री काश्यप ने कहा कि सैंपल जांच करवा ली जाए जिसमें पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक द्वारा बताए गए कृषि रकबा का मिलान बीमा कंपनी द्वारा अपने दस्तावेजों में बताए गए रकबे से किया जाए।

error: Content is protected !!