साहिबगंज (एजेंसी)। रहस्यमय तरीके से महिलाओं की चोटी कट जाने की घटनाओं ने अब विकृत रूप ले लिया है। इन घटनाओं और इनके कारण बढ़ रही अफवाहों की चपेट में अब निर्दोष लोग आने लगे है। झारखंड के साहिबगंज जिले में ऐसा ही एक अमानवीय घटनाक्रम सामने आया है। यहां के एक गांव में लोगों ने भीख मांगने वाली एक महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी। गांव वालों को शंका थी कि यह महिला ही गांव में अन्य महिलाओं की चोटी काट रही थी।
चोटी कटवा की अफवाह में साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण बेगमगंज पंचायत के मीरनगर गांव में सैकड़ों ग्रामीणों ने निर्दोष एक बच्चें, दो महिला व एक पुरुष की बेरहमी से पिटाई कर दी। उग्र भीड़ ने महिला को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया और इलाज के दौरान अनुमंडल अस्पताल में उक्त महिला की मौत हो गयी। घटना की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ ने पुलिस की एक नहीं सुनी। उग्र भीड़ ने उल्टे पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया जिसमें इंस्पेक्टर, कांस्टेबल सहित कुल 7 पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गये। उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने तकरीबन 25 राउंड हवाई फायरिंग की। आक्रोशित लोगों ने एसपी व अन्य पुलिस कर्मी की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.।
अफवाह पर लोगों ने भीख मांग रही महिला व पुरुष को दबोच लिया था। शनिवार की सुबह राधानगर के मीरनगर गांव में एक महिला की चोटी कटने की अफवाह फैली। देखते ही देखते यह बात पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गयी। ग्रामीण धीरे-धीरे लामबंद हुए और चोटी कटवा गिरोह की खोज लगे। इसी दौरान कटहलबाड़ी मोड़ के समीप भीख मांग रही एक महिला व एक पुरुष को गिरोह का सदस्य समझ कर धर दबोचा और जमकर पिटाई करते हुए मीरनगर ले आये। वहीं राधानगर गांव में भीख मांग रहे एक दस वर्षीय बच्चा व एक 35 वर्षीय महिला को भी चोटी कटवा गिरोह का सदस्य समझ कर जमकर पीटा।
खुद ही फैसला करना कानून का अपमान
हमारे समाज में अफवाहों के कारण लोगों का तत्काल आक्रोशित हो जाना और कानून में हाथ लेकर खुद ही फैसला करने की प्रवृत्ति खतरनाक तरीके से बढ़ रही है। सोशल मीडिया पर फेली झूठी सूचनाओं से इस तरह की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। यदि आपके पास भी किसी तरह कोई भी सूचना पहुंचती है तो संबंधित एजेंसी जैसे पुलिस को जानकारी दे। किसी भी झूठी सूचना पर आक्रोशित होकर कानून हाथ में ले लेना आपके लिए निश्चित परेशानी का कारण बन जाएगा।
