[खबर पक्की: 7 मई रतलाम, कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिलने के बाद कन्टेनमेन्ट एरिया घोषित किए गए मोचीपुरा क्षेत्र में आज कुछ लोगों ने स्टेशनरोड पुलिस थाने के एक सब इन्स्पेक्टर पर हमला कर दिया। ड्यूटी पर तैनात सबइन्स्पेक्टर ने घरों से बाहर घूम रहे कुछ युवकों को बाहर निकलने से रोका था।
प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार,स्टेशन रोड पुलिस थाने पर पदस्थ सब इन्स्पेक्टर जामोद गुरुवार शाम को मोचीपुरा इलाके में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र के कुछ युवक सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करते हुए बाहर घूम रहे थे। जामोद ने जब इन युवकों को घरों के भीतर जाने को कहा तो ये युवक उग्र हो गए और उन्होने उप निरीक्षक पर हमला कर दिया। इस हमले में उपनिरीक्षक जामोद को कई चोटें आई।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार,जामोद का मेडीकल कराया गया है और हमलावर युवकों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पंहुच गए हैं और करीब आठ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मोचीपुरा क्षेत्र में लगातार लॉक डाउन उल्लंघन की खबरें खबरें काफी समय से आ रही थी।
