खबर पक्की, 19 सितंबर, रतलाम। पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, तनावमुक्त जीवन तथा सर्वांगीण कल्याण को ध्यान में रखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में जिला पुलिस बल एवं पतंजलि योगपीठ युवा भारत, जिला रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क योग एवं प्राणायाम शिविर की शुरुआत की गई।
पुलिस लाइन स्थित निकुंज सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योग एवं प्राणायाम में सहभागिता की। शिविर में नियमित रूप से योगासन, सूक्ष्म व्यायाम, ध्यान एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पुलिस सेवा में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा से जुड़े निरंतर दायित्वों के कारण पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी लंबे समय तक मानसिक एवं शारीरिक दबाव में कार्य करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रतलाम पुलिस द्वारा स्वास्थ्य को पुलिस कल्याण का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए योग एवं प्राणायाम की यह पहल प्रारंभ की गई है।
योग एवं प्राणायाम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को नियमित शारीरिक गतिविधि, मानसिक एकाग्रता, तनाव प्रबंधन एवं स्वस्थ दिनचर्या के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही पुलिसकर्मियों के परिवारजनों को भी इस पहल से जोड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा दिया जाएगा।
प्रतिदिन आयोजित होगा नि:शुल्क योग शिविर
निकुंज सामुदायिक भवन, पुलिस लाइन, रतलाम में प्रतिदिन प्रात: 07:00 बजे से 08:00 बजे तक योग अभ्यास किया जाएगा
प्रमुख गतिविधियां
योगासन, सूक्ष्म व्यायाम, ध्यान एवं प्राणायाम का अभ्यास किया जाएगा। जिसमें पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारज शामिल होकर इसका लाभ उठा सकेंगे। शिविर के प्रारंभिक कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस किशोर पाटनवाला, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार कैलाश बघेल, अनोखीलाल परमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
पुलिसकर्मियों के स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन की पहल, पुलिस लाइन में नि:शुल्क योग एवं प्राणायाम शिविर का शुभारंभ
