• Wed. Aug 5th, 2026

मध्यप्रदेश: थोड़ी देर में कमलनाथ मंत्रिमंडल की बैठक, भोपाल पहुंचे कांग्रेसी विधायक होटल में कैद

BySurendra Jain

Mar 15, 2020

मध्यप्रदेश में जारी सियासी ड्रामे के बीच जयपुर में ठहरे 82 कांग्रेसी विधायक (निर्दलीय भी शामिल) भोपाल पहुंच गए हैं। इन विधायकों को कड़ी सुरक्षा में मैरियट होटल ले जाया गया है। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ थोड़ी देर में विधायकों से मुलाकात करने के लिए होटल पहुंच सकते हैं।
वहीं शाम को मुख्यमंत्री निवास में कांग्रेस विधायक दल की बैठक प्रस्तावित हैं। इस बैठक में सोमवार को होने वाले बहुमत परीक्षण को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। कहा जा रहा है कि सोमवार को विधायक मुख्यमंत्री निवास से सीधे विधानसभा पहुंचेंगे।
सूत्रों के अनुसार. गुड़गांव के मानेसर में एक रिजॉर्ट में ठहरे भाजपा विधायकों को भी रविवार को भोपाल लाया जा सकता है। वहीं बंगलूरू से सिंधिया समर्थक कांग्रेस विधायकों को भी कल विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले भोपाल लाए जाने की संभावना है।
सॉलिसिटर जनरल से मिले भाजपा नेता
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, धर्मेंद्र प्रधान, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से उनके आवास पर मुलाकात की।
मुख्यमंत्री कमलनाथ कैबिनेट की बैठक के लिए वल्लभ भवन पहुंच गए हैं।
कांग्रेस और भाजपा ने सोमवार को बहुमत परीक्षण को लेकर सभी विधायकों को व्हिप जारी किया है। दोनों पार्टियों ने सभी विधायकों को सोमवार को विधानसभा में उपस्थित रहने का निर्देश भी दिया है। माना जा रहा है कि गुरुग्राम में ठहरे भाजपा विधायक भी आज या कल सुबह भोपाल पहुंच जाएंगे।
थोड़ी देर में कमलनाथ मंत्रिमंडल की बैठक, सत्र आगे बढ़ाने पर चर्चा संभव
विधायकों के भोपाल पहुंचने के बाद में थोड़ी देर में कमलनाथ मंत्रिमंडल की बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कोरोना वायरस से पैदा हुईं स्थितियों के कारण बजट सत्र को आगे बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, बजट सत्र को आगे बढ़ाने पर कानूनी अड़चनों की सामना भी करना पड़ सकता है।

You missed

error: Content is protected !!