रतलाम। शहर से सटे जुलवानिया गांव के रास्ते पर बने नाले पर गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात नाले में बहे दुलेसिंह निवासी अपना नगर का शव 36 घंटे बाद धोलवाड़ डेम से मिला है। जुलवानिया से जामण-पाटली के रास्ते लगातार उसके शव की तलाश की जा रही थी।
दुलेसिंह मईड़ा निवासी अपना नगर अपने एक साथी लक्ष्मण पिता हुकुमचंद निवासी करण कालोनी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जुलवानिया जा रहे थे। गुरूवार रात करीब 11 बजे दोनों मोटरसाइकिल सहित नाले में बह गए थे। लक्ष्मण को ग्रामीणों ने बचा लिया जबकि दुलेसिंह लापता था। दुलेसिंह के लापता होने की सूचना के बाद होमगार्ड जवान, आईए थाने का पुलिसबल और राजस्व अधिकारी लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार दोपहर उसका शव धोलवाड़ डेम से मिल गया है, शव को जिला अस्पताल लाकर उसका पोस्टमार्टम कराया गया। दुलेसिंह प्लंबर का काम करता था।
