नई दिल्ली। ज्योतिरादित्य सिंधिया आज जेपी नड्डा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मिलने के बाद यह माना जा रहा था कि ज्योतिरादित्य जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। सिंधिया को भाजपा मध्य प्रदेश से राज्यसभा में भेज सकती है। उधर बेंगलुरु में मौजूद सिंधिया समर्थक विधायक उनसे नई पार्टी बनाने की मांग करते रहे, उनका कहना है कि हम आपके साथ हैं, लेकिन भाजपा के साथ नहीं। बेंगलुरु के होटल में ठहरे बागी कांग्रेस विधायकों का विरोध करने स्थानीय युवक कांग्रेस नेता पहुंचे, उन्होंने होटल के बाहर जमकर हंगामा किया। तोड़-फोड की स्थिति को देखते हुए भाजपा ने देर रात अपने 106 विधायकों को गुरुग्राम के होटल में पहुंचाया है। वहीं कांग्रेस और निर्दलीय विधायक भोपाल से जयपुर के लिए रवाना हो गए। सीएम कमलनाथ का कहना है कि कांग्रेस को कोई संकट नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश में मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा। संसदीय कार्य मंत्री गोविंद सिंह और लाखन सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष को याचिका पेश की कि छह मंत्री सरकार के खिलाफ काम कर रहे हैं उन्हें अयोग्य घोषित किया जाए। मध्य प्रदेश में होली के दिन सुबह शुरू हुआ सियासी घटनाक्रम अब भी जारी है।
बेंगलुरु में सिंधिया समर्थक विधयाकों ने कहा हम अपने नेता के साथ
ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेंगलुरु में मौजूद समर्थकों ने कहा कि हम अपने नेता के साथ है। हम हमेशा सिंधिया जी के साथ ही रहेंगे। हम किसी दबाव में नहीं हैं। इसके पहले मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा था कि बेंगलुरु में मौजूद सभी विधायक नाराज हैं और सभी कांग्रेस के संपर्क में हैं। सभी विधायकों ने वीडियो जारी कर इसका खंडन किया है।
शिवराज सिंह बोले- ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत करता हूं
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने से अब पूरा सिंधिया परिवार साथ आ गया है। उन्होंने जो कहा कि किसान से लेकर नौजवान तक हर कोई मध्य प्रदेश में दुखी है। इसलिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास मंत्र के साथ जुड़े हैं। शिवराज ने कहा कि मैं ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत करता हूं। हम साथ मिलकर चलेंगे और भाजपा को आगे बढ़ाएंगे। कांग्रेस में एक ही चेहरा मशहूर था, वो महाराज जी थे, इसलिए हम कहते थे माफ करो महाराज। सिंधिया के आने से पार्टी को बल मिलेगा।
कांग्रेस में जनसेवा के लक्ष्य की पूर्ति नहीं हो पा रही थी : ज्योतिरादित्य सिंधिया
भाजपा का दामन थामने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जनसेवा के लक्ष्य की पूर्ति उस संगठन में नहीं हो पा रही थी। मध्य प्रदेश में हमने कई सपनों को लेकर सरकार बनाई थी, इसके बाद 18 महीने में सरकार कुछ नहीं कर पाई। किसानों को दस दिन में लोन माफी भी नहीं हुई। वचन पत्र में कहा गया था कि हर महीने बेरोजगारों को एक रकम दी जाएगी, वह भी नहीं हुआ। मध्य प्रदेश में ट्रांसफर उद्योग चल रहा है, वहां अवैध खनन भी चल रहा है। अगर हमें भारत माता और देश को प्रगति पर ले जाना है तो आज पीएम नरेंद्र मोदी ने मुझे यह मंच प्रदान किया, जिससे जनसेवा करके हम आगे बढ़ पाएंगे। देश में ऐसा जनादेश पहले कभी किसी सरकार को नहीं मिला जैसा दो बार हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को मिला है। भारत का भविष्य पूर्ण रूप से सुरक्षित हाथों में हैं। उनकी वजह से दुनिया में भारत का नाम ऊंचा हुआ है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने थामा भाजपा का दामन
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आखिरकार दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। माना जा रहा है कि इसके बाद वे 12 मार्च गुरुवार शाम 4 बजे तक भोपाल पहुंचेंगे और यहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे भाजपा की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए पर्चा भर सकते हैं।
भोपाल कांग्रेस कार्यालय से हटा ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम
ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अब भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय से उनका नाम भी हट गया। कांग्रेस में सिंधिया के इस कदम का लगातार विरोध हो रहा है। आज भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम हाउस पहुंचे और ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ नारेबाजी की।
ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हुए, भेजा जा सकता है राज्यसभा
