भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ की अगुवाई वाली कांग्रेस पार्टी की सरकार पर संकट के बादल छा गए हैं। दरअसल, चार दिन से गायब चार विधायकों में से एक कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति और मुख्यमंत्री कमलनाथ को अपना इस्तीफा भेजा।
डंग ने लिखा- मैं किसी गुट का नहीं, बस पार्टी का कार्यकर्ता
अपने इस्तीफे में उन्होंने लिखा कि मैं न तो कमलनाथ गुट का हूं, न दिग्विजय सिंह और न सिंधिया गुट का। मैं सिर्फ कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं। इसलिए मुझे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डंग ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि मैं दूसरी बार विधायक बना हूं लेकिन मेरे विधानसभा क्षेत्र की लगातार अनदेखी हो रही है। सरकार में दलाल और भ्रष्टाचारी बैठे हैं।
कई बार भोपाल का चक्कर लगाने के बावजूद कार्यकर्ताओं का छोटा सा भी काम नहीं होता। सरकार बनने के 14 महीने बाद भी मंत्री काम करने को तैयार नहीं हैं। डंग सरकार के किसानों की कर्जमाफी के तरीके से भी नाराज थे। डंग ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का भी समर्थन किया था।
इन विधायकों से नहीं हो सका संपर्क
डंग के अलावा कांग्रेस के बिसाहूलाल सिंह, रघुराज कंसाना और निर्दलीय सुरेंद्र सिंह शेरा तीन दिन से लापता हैं। उनसे किसी का संपर्क नहीं हो सका है। इस बीच, कांग्रेस विधायक बिसाहूलाल के बेटे ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भोपाल में दर्ज कराई है। गौरतलब है कि कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने उनके विधायकों को जबरन बंधक बनाया है। इससे पहले राज्य सरकार में मंत्री जयवर्धन सिंह ने उम्मीद जताई है कि बाकी चार विधायक भी जल्द लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री कमलनाथ बोले- डंग का कोई पत्र नहीं मिला
डंग के इस्तीफे को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गुरुवार को कहा कि मुझे हरदीप सिंह डंग के इस्तीफे के बारे में जानकारी मिली है। मुझे अभी तक उनका कोई पत्र नहीं मिला है और ना ही इस मामले पर कोई चर्चा हुई है। जब तक मैं उनसे व्यक्तिगत तौर पर नहीं मिल लेता, तब तक इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
विधानसभा अध्यक्ष प्रजापति बोले- खबर मिली, इस्तीफा नहीं
प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने कहा कि मुझे हरदीप सिंह डंग के इस्तीफे की खबर मिली है। उन्होंने मुझे व्यक्तिगत रूप से अपना इस्तीफा नहीं दिया है। जब वह अपना इस्तीफा मुझे सौंपेंगे तो मैं इसे नियमानुसार मानूंगा और आवश्यक कार्रवाई करूंगा।
मध्यप्रदेश: चार ‘लापता’ विधायकों में से कांग्रेसी विधायक डंग का इस्तीफा, संकट में कमलनाथ सरकार
