• Thu. Aug 6th, 2026

माशिमं की बारहवीं की परीक्षा शुरू, नकल रोकने के लिए कड़ी चैकिंग

BySurendra Jain

Mar 2, 2020

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की बारहवीं बोर्ड की परीक्षा आज शुरू हो गई। बारहवीं का पहला पेपर विशिष्ट भाषा हिंदी रहा। परीक्षा का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए परीक्षार्थियों की कड़ी चैकिंग गई। परीक्षार्थी 8 बजे से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। दिव्यांग विद्यार्थियों की परीक्षा का समय दोपहर एक बजे से 4 बजे तक रखा गया। इस साल बारहवीं की परीक्षा में 8 लाख 2 हजार विद्यार्थी 3657 परीक्षा केंद्रों शामिल हो रहे हैं। 10वीं -12वीं दोनों परीक्षाओं में करीब 20 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र में निर्देश दिए गए थे कि परीक्षा केंद्र पर सभी विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रात: 8:30 बजे तक उपस्थित हो जाएं। परीक्षा कक्ष में 8:45 के बाद किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं प्रदेश के 448 संवेदनशील और 257 अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी की जा रही है।
दसवीं की परीक्षा 3 मार्च से : दसवीं की परीक्षा 3 मार्च से शुरू हो रही है। पहला पेपर द्वितीय व तृतीय भाषा संस्कृत से होगा। इसमें प्रदेश से करीब साढ़े 11 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।
10 मिनट पूर्व उत्तरपुस्तिका दी गई
परीक्षा प्रारंभ होने के 10 मिनट पूर्व प्रात 8.50 बजे विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका एवं पांच मिनट पहले यानि 8.55 पर प्रश्न-पत्र दिए गए। 9 बजे से परीक्षा शुरू हुई।
भोपाल जिले में 97 परीक्षा केंद्र : भोपाल जिले में 97 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सोमवार को 12वीं की परीक्षा में भोपाल जिले में करीब 33 हजार विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।
इनका कहना है
जिले के सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। तैयारी पूरी कर ली गई है।
– नितिन सक्सेना, जिला शिक्षा अधिकारी, भोपाल

You missed

error: Content is protected !!