खबर पक्की : नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात एक और भीषण हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार मुजफ्फरपुर जा रही स्लीपर कोच डबल डेकर बस नगला खंगर के पास सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकरा गई। में घुस गई। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है। 20 से अधिक लोग घायल हैं। कई की हालत बेहद खराब है। हादसा इतना भीषण था कि बस में फंसे घायलों को निकालने के लिए बस के हिस्से को गैस कटर से काटा गया। 20 से ज्यादा घायलों को सैफई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10.30 बजे दिल्ली से आगरा एक्सप्रेस-वे के रास्ते स्लीपर बस बिहार जा रही थी। बस में करीब 60 लोग सवार थे। कुछ लोग सीट पर थे और कुछ स्लीपर सीट पर लेटे थे। नगला खंगर थाना क्षेत्र में किमी 71 के पास तेज रफ्तार बस आगे खड़े ट्राला में जा घुसी। बस पूरी घूमकर डिवाइडर से जा टकराई।
ट्राला के घायल परिचालक चमन खां ने बताया कि पंचर खड़े ट्राला का पहिया बदल रहे 55 वर्षीय चालक भूरा खां निवासी शहजाद नगर जनपद रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों ने किसी तरह कंट्रोल रूम को जानकारी दी। नगला खंगर और आसपास के थानों की पुलिस के साथ एंबुलेंस मौके पर भेज गईं। बस में फंसी सवारियों को निकालने में परेशानी हो रही थी। कटर और क्रेन मंगाकर राहत कार्य शुरू किया गया।
सैफई आते समय रास्ते में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से ज्यादा लोगों को भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, अधिकांश के बिहार के बताए जा रहे हैं। जानकारी मिलने पर चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉक्टर आदेश कुमार, एसडीएम सैफई हेम सिंह क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।
सड़क किनारे खड़े पंक्चर ट्राले से टकराई डबल डेकर लग्जरी बस, 14 की मौत
