• Sat. Aug 1st, 2026

पटना में बड़ा बम विस्फोट, सात जख्मी, पुलिस-पब्लिक में ठनी

BySurendra Jain

Feb 10, 2020

पटना। पटना के गांधी मैदान इलाके में सोमवार की सुबह आठ बजे एक मकान में जोरदार बम विस्फोट हुआ है, जिसमें दो घर ध्वस्त हो चुके हैं। घटना में सात लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। धमाका इतना जोरदार था कि दो मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। धमाके की गूंज कई किलोमीटर तक सुनाई दी।
इस मामले में सिटी एसपी ने कहा कि देखकर लग रहा है कि घर में रखा छोटा सिलिंडर फट गया है, जांच की जा रही है। इसपर स्थानीय लोगों ने एक सुर में कहा कि पुलिस झूठ बोल रही है। सिलिंडर फटता तो आग लगती, बदबू आती, लेकिन सिलिंडर का कोई अवशेष नहीं मिले हैं। ये बड़े बम विस्फोट की घटना है, लोग जिसतरह से घायल हैं, उससे साफ लग रहा है कि बम विस्फोट हुआ है।
जानकारी के मुताबिक पटना के गांधी मैदान के सालिमपुर अहरा के गली नंबर एक स्थित एक पुराने घर में दो बार विस्फोट होने की घटना से इलाके के लोग दहशत में है। जिस घर में विस्फोट हुआ है, वह पुराना था और उसमें पिछले दो महीने से एक किराएदार रहा करता था। उसका पूरा परिवार विस्फोट में जख्मी है।
आसपास के लोगों ने बताया कि अहले सुबह आंख खुलते ही लोग अपने काम में लगे थे कि जोरदार धमाका हुआ जिससे उन्हें लगा कि भूकंप आ गया हो। फिर शोरगुल मचा कि गैस सिलिंडर विस्फोट कर गया है। लेकिन, फिर दोबारा धमाका होने के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और देखा तो पास का घर पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका था।
आनन-फानन में लोगों ने घर के अंदर घायल पड़े लोगों को पीएमसीएच में भर्ती कराया है। घटना में सात लोग बुरी तरह से घायल हैं, जिसमें एक वृद्धा की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर तुरंत कोतवाली थाने की पुलिस पहुंची और जांच के बाद बताया कि घर में रखा बम फटा है जिससे ये घटना हुई है। पुलिस जांच कर रही है। एफएसएल की टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
लोगों ने बताया कि इस मकान में एक किराएदार रहता है वो अॉटोरिक्शा चलाता है। इस मकान की मालकिन नीतू देवी ने बताया कि उनके घर में किराएदार पिछले दो महीने से रह रहा था। किराएदार के बारे में मकानमालिक को भी कोई खास जानकारी नहीं है। आसपास घनी आबादी है, दो मकान ध्वस्त हो चुके हैं।

You missed

error: Content is protected !!