खबर पक्की : इंदौर। मध्य प्रदेश में शीतलहर की वजह से कई शहरों में तापमान लगातार गिरता जा रहा है। सोमवार सुबह भी ठंडी हवाओं और तापमान गिरने से लोग कंपकपाते रहे। उधर रविवार को उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवा के कारण मध्य प्रदेश के इंदौर, बैतूल छिंदवाड़ा समेत कई शहरों में कोल्ड-डे रहा। वहीं, शिवपुरी में सीवियर कोल्ड डे रहा। जबकि राजधानी भोपाल समेत कुछ शहरों में कोल्ड-डे जैसे हालात रहे। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से. से नीचे रहा। अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2 से 3 डिग्री से. तक कम रहा। धूप के बावजूद ठंड महसूस की गई। वहीं रीवा, जबलपुर, सिवनी, सागर, बैतूल, धार, खरगौन जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा। इन जिलों में 14 से 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चली। ऊपरी स्तर पर हवा की गति और अधिक थी। इन शहरों में लोग सुबह व शाम के समय ठंड से कंपकपाते रहे। हालांकि दोपहर में धूप से राहत भी महसूस की गई। बैतूल, रीवा और रायसेन में तो न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से. तक पहुंच गया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा।
