• Thu. Jul 30th, 2026

इंदौर के पास पातालपानी में बड़ा हादसा , 6 लोगों की मौत की आशंका

BySurendra Jain

Dec 31, 2019

महू। शहर के समीप प्रसिद्ध पर्यटन स्‍थल पातालपानी में बने एक निजी फार्म हाउस परिसर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। कोई यहां एक भवन में लगी लिफ्ट टूटना बता रहा है तो कोई कुछ अन्‍य कारण। हादसे में 6 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है लेकिन किसी भी स्‍तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जाता है कि फार्म हादस में लगी लिफ्ट टूटकर करीब सत्‍तर फुट नीचे सीमेंटेड जमीन पर आ गिरी। कुछ लोगों के अनुसार लिफ्ट के पलट जाने से यह हादसा हुआ है। एक अन्‍य जानकारी के अनुसार फार्म हाउस पर परिवार के मनोरंजन के लिए दो पहाड़ाें के बीच बनाए गए रोप वे के टूटने से यह हादसा हुआ है।
यह फॉर्म हाउस कारोबारी पुनीत अग्रवाल का है। बताया जाता है कि लिफ्ट में अग्रवाल के ही परिचित और पारिवारिक लोग थे। इस मामले में अभी पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। हादसे में घायल लोगों को इंदौर के चोइथराम अस्पताल ले जाया गया है।
पातालपानी महू से करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां बड़ी संख्‍या में प्रकृति प्रेमी प्रतिदिन पहुंचते हैं। बताया जाता है कि हादसा शाम पांच से सात बजे के करीब हुआ।
पहले घायलों को महू के मेवाड़ा अस्‍पताल ले जाया गया वहां से चोइथराम रेफर कर दिया गया। हादसे में तीन लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पाथ इंडिया कंपनी के बड़ी संख्‍या में कर्मचारी मेवाड़ा अस्‍पताल में जमा हो गए थे। पुनीत अग्रवाल इसी कंपनी के संचालक हैं। महू सहित प्रमुख शहरों में पुल और सड़कों का निर्माण उनकी ही कंपनी ने किया है।
फार्म हाउस निजी हाेने से अभी कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार के लोगों से भी अभी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस और अस्‍पताल प्रबंधन भी अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहा है।

error: Content is protected !!