• Wed. Nov 4th, 2026

महू में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपित गिरफ्तार

BySurendra Jain

Dec 4, 2019

महू (इंदौर)। पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने तीन दिन में ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने नशे की हालत में बालिका से दुष्कर्म किया, वह रोने लगी तो मुंह दबा कर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह घर जाकर सो गया था और घर से पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस तक जा पहुंची। आरोपित ने कबूला है कि वह पूर्व में भी इस तरह की वारदातें कर चुका है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वरुण कपूर ने बताया कि पकड़े गए आरोपित का नाम अंकित विजयवर्गीय (28) निवासी शंकर खिलौना का बगीचा, महू है। एक दिसंबर की रात माता-पिता के साथ सो रही मासूम को अंकित उठाकर बंगला नंबर 122 में ले गया था। दुष्कर्म के बाद मासूम की गला दबा कर हत्या कर दी थी।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए 13 टीमें बनाई गई थीं। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक संदिग्ध दिखा जरूर लेकिन उसका चित्र साफ नहीं आ रहा था। फुटेज को इंदौर भेज कर ठीक करवाया गया। इसमें नजर आ रहे संदिग्ध युवक की चाल, कपड़े और जूते के आधार पर आरोपित की पहचान की गई। बाद में लोगों से भी उसकी पहचान कराई गई। मंगलवार रात आरोपित को उसके घर से दबोच लिया गया।
पत्नी गर्भवती है
वरुण कपूर ने बताया कि आरोपित अंकित चाट का ठेला लगाता है और डीजे पर काम करता है। उसकी शादी हो चुकी है, पत्नी गर्भवती है। अंकित विकृत मानसिक प्रवृत्ति का है और पूर्व में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पूर्व के किसी मामले की रिपोर्ट पुलिस में नहीं हुई थी।
भरोसा था, पुलिस नहीं पकड़ पाएगी
अंकित ने बताया कि वारदात के बाद वह दो दिनों से पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उसे पूरा भरोसा था कि उसकी पहचान नहीं हो सकेगी, लेकिन पुलिस उसतक पहुंच ही गई।

error: Content is protected !!