• Wed. Nov 4th, 2026

इंदौर चिड़ियाघर में युवक ने की बाघ के पिंजरे में कूदने की कोशिश

BySurendra Jain

Nov 22, 2019

इंदौर। कमला नेहरु प्राणी संग्रहालय (चिड़ियाघर) में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने बाघ के पिंजरे में कूदने की कोशिश की थी लेकिन समय रहते ही चिड़ियाघर में तैनात गार्ड ने उसे देखकर पकड़ लिया।घटना के संबंध में इंदौर चिड़ियाघर के प्रभारी उत्‍तम यादव ने बताया कि युवक को गार्ड ने जैसे ही देखा तो पकड़कर नीचे उतार लिया। बताया जाता है कि गार्ड और एक अन्‍य कर्मचारी ने बाघ के पिंजरे के पास एक व्‍यक्ति की संदिग्‍ध गतिविधियां देखी थी। यह शख्‍स पिंजरे पर चढ़ने के बाद अंदर कूदने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद कर्मचारियों ने प्रबंधन से जुड़े लोगों को इसकी सूचना दी।
जानकारी मिली है कि यह युवक मानसिक रुप से अस्‍वस्‍थ है। वह कर्ज के साथ ही अपने परिवार से परेशान होने की बात कहता नजर आया। युवक का नाम विजय झाला पता चला है। युवक को पकड़कर पुलिस थाने ले जाया गया जहां भी उसने अपने परिवार की जानकारी देते हुए परेशान होने की बात बताई।
उल्‍लेखनीय है कि इंदौर चिड़ियाघर में पहले भी एक युवक शेरों के बाड़े में कूद गया था। बताया जाता है कि यह युवक बाड़े में अंदर तक चला गया था। बाद में उसे सकुशल बाहर निकाल लिया गया था। वहीं एक बार एक बाघिन भी अपने पिंजरे से बाहर आ गई थी। तब भी चिड़ियाघर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया था।

error: Content is protected !!