चंडीगढ़। हरियाणा में बनी भाजपा-JJP गठबंधन की सरकार के मंत्रिमंडल का आज विस्ताार किया गया है। इस विस्तार में 6 कैबिनेट मंत्री और 4 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली है। इस बार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में गठबंधन सरकार बनी है। इस बार भाजपा ने जहां 40 सीटें हासिल की थी, वहीं JJP के पास 10 सीटें हैं। आज कैबिनेट मंत्री पद की शपथ बनवारी लाल, अनिल विज, कंवर पाल, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह और जेपी दलाल ने ली। वहीं राज्य मंत्री पद की शपथ ओम प्रकाश यादव, कमलेश ढांढा, संदीप सिंह और अनूप धानक को जगह मिली है।
खट्टर मंत्रिमंडल में महिला चेहरे के तौर पर कमलेश ढांढा को शामिल किया गया है। वह कालायत से जीतकर विधायक बनी हैं। बता दें कि इस बार सिर्फ 3 महिलाएं ही विधानसभा चुनाव जीत सकी हैं। गठबंधन सरकार में दुष्यंत चौटाला को उप मुख्यमंत्री पद मिला है। शपथ ग्रहण के दौरान संदीप सिंह ने पंजाबी में शपथ ली।
किसी भी पार्टी को नहीं मिला पूर्ण बहुमत
हरियाणा में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिल सका था। ऐसे में सत्ता की चाबी जननायक जनता पार्टी (JJP) के हाथों में आ गई थी। पूरे चुनाव के दौरान भाजपा का जमकर विरोध करने वाली जेजेपी ने पूर्व में कांग्रेस के साथ जाने के संकेत दिए थे लेकिन कांग्रेस बहुमत जुटा नहीं पाई थी। इस बीच बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच जेजेपी ने भाजपा को समर्थन देने का ऐलान किया था।
हरियाणा में मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, इन विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
