खबर पक्की: 27 अगस्त नई दिल्ली,पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और भ्रष्टाचार के आरोपों में सीबीआई के शिकंजे में फंसे पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बारे में नए तरह का दावा पेश कर एक वरिष्ठ पत्रकार ने सभी को चौंका दिया है। इस पत्रकार ने दावा किया है कि बीजेपी किसी समय मनमोहन सिंह को वित्त मंत्री बनाना चाहती थी, लेकिन जब उन्होंने इनकार कर दिया तो बीजेपी ने पी चिदंबरम को यह ऑफर दिया था।
‘नेशनल हेराल्ड’ में छपे एक लेख में वरिष्ठ पत्रकार और ‘Hindu Hriday Samrat: How the Shiv Sena changed Mumbai forever’ की लेखिका सुजाता आनंदन ने दावा किया है कि 90 के दशक के आखिर में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार बनने जा रही थी। उस दौरान उनके पास ऐसे टैलेंट की कमी थी, जो आर्थिक मामलों का अच्छा जानकार हो और देश की वित्तीय व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाल सके।
ऐसे में बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रमोद महाजन ने दूसरे दलों से टैलेंट हंट की कोशिशें तेज कर दी थीं। इसके लिए डॉक्टर मनमोहन सिंह उनकी टॉप लिस्ट में थे, लेकिन जब मनमोहन सिंह ने मना किया तब उनकी नजर चिदंबरम पर टिकी, लेकिन वहां से भी उन्हें निराशा हाथ लगी।
