• Wed. Sep 16th, 2026

अब उधार भी मिल सकेगा रेल का टिकिट, आईआरसीटीसी ने की शुरूआत

BySurendra Jain

Jun 26, 2017

नयी दिल्ली  डिजिटल पेमेंट्स स्वीकार करनेवाली पहली सरकारी एजेंसियों में से एक आइआरसीटीसी शत प्रतिशत कैशलेस का टारगेट लेकर चल रही है। इंडियन रेलवे की इस वेबसाइट से अब यात्री उधार यानि क्रेडिट पर भी टिकट बुक करा सकते हैं। यह सुविधा इंडियन रेलवे ने अपने यात्रियों को उपलब्ध भी करा दी है।

स्कीम के तहत कोई भी यात्री यात्रा करने से पांच दिन पहले टिकट बुक करने के बाद 14 दिनों के अंदर भुगतान कर सकता है। इसके लिए यात्री को 3.5 प्रतिशत सर्विस चार्ज देना होगा। नई व्यवस्था के लिए आइआरसीटीसी ने मुंबई की एक कंपनी ईपेलेटर से समझौता किया है। आइआरसीटीसी के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि, ‘यह सेवा यात्रियों को पैसे की चिंता किये बिना तुरंत टिकट बुक कराने की सुविधा प्रदान करेगी। कई लोग इस सेवा का इस्तेमाल कर भी चुके हैं। अगर यात्री टिकट बुकिंग के 14 दिनों के अंदर पैसे नहीं देता है तो आइआरसीटीसी उस पर जुर्माना लगाएगा। जो यात्री बार-बार पैसे देने में आनाकानी करेंगे, उन्हें इस सुविधा से हमेशा के लिए वंचित कर दिया जाएगा। आइआरसीटीसी से टिकट बुक करनेवाले यात्री को कितने रुपये तक का टिकट उधार दिया जाएगा, इसका निर्णय उसकी क्रेडिट हिस्ट्री, डिजिटल फुटप्रिंट, डिवाइस इन्फर्मेशन और ऑनलाइन परचेज पैटर्न पर आधारित होगा। अब तक यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए आइआरसीटीसी अकाउंट्स के माध्यम से भुगतान करना होता था।

error: Content is protected !!