लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 में लखनऊ से भाजपा प्रत्याशी गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। 2014 में लखनऊ से लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद गृह मंत्री बने राजनाथ सिंह ने आज हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय से रोड-शो के बाद जिलाधिकारी कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। लखनऊ व मोहनलालगंज मे पांचवें चरण में छह मई को मतदान होगा। नामांकन का अंतिम दिन 18 अप्रैल है।
राजनाथ सिंह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शुभ मुहूर्त में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया।राजनाथ सिंह के प्रस्तावक उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता हाईकोर्ट एलपी मिश्रा, सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जज पूर्व लोकायुक्त सुधीर चंद्र वर्मा वर्मा व पूर्व राज्यसभा सदस्य राम नारायण साहू थे। राजनाथ सिंह के साथ मोहनलालगंज से पार्टी के प्रत्याशी कौशल किशोर ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले राजनाथ सिंह ने हनुमान सेतु मंदिर में बजरंग बली का दर्शन करने के साथ शिवजी के मंदिर में जलाभिषेक किया।
लोकसभा चुनाव 2019 में लखनऊ से भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह मंगलवार को नामांकन करने से पहले हनुमान सेतु पहुंचे। यहां उन्होंने प्रार्थना की। इसके बाद भाजपा मुख्यालय पहुंचे। नामांकन जुलूस को भव्य बनाने के लिए सोमवार देर रात तक तैयारियों का दौर चलता रहा। सोमवार शाम को ही राजनाथ सिंह लखनऊ आ गए। नामांकन जुलूस में बड़ी संख्या में सामाजिक एवं व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनों ने स्वागत की तैयारी की । करीब दो किलोमीटर मार्ग पर जीपीओ हजरतगंज चौराहा, मेफेयर चौराहा, परिवर्तन चौक पर भी विभिन्न संगठन के लोग स्वागत किया।
