• Thu. Aug 13th, 2026

रावटी तहसील के 3 हजार से ज्यादा किसानों का कर्जा हुआ माफ,  विधायक हर्षविजय गेहलोत के हाथों किसानों को वितरित हुए प्रमाण पत्र

BySurendra Jain

Feb 25, 2019

रतलाम। जय किसान फसल ऋण माफी योजना जिले की रावटी तहसील के किसानों के लिए हर्ष की लहर लेकर आई है। इस क्षेत्र के 3 हजार 85 किसानों को कर्जमाफी की सौगात मिली है। रावटी में 25 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री हर्षविजय गेहलोत के हाथों किसानों को ऋण मुक्ति प्रमाण पत्र वितरण हुआ। रावटी क्षेत्र में किसानों को 10 करोड़ 10 लाख 74 हजार रुपये कर्जमाफी राज्य शासन द्वारा दी गई है। आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण तथा कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान उपस्थित थे।
विधायक हर्षविजय गेहलोत ने इस अवसर पर उपस्थित हजारों किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में किसानों की कर्जमाफी का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। इस फैसले ने प्रदेश के लाखों किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। मुख्यमंत्री ने शपथ लेने के बाद अल्प समय में ही प्रदेश की भलाई के लिए बड़े-बड़े फैसले लिए है। मुख्यमंत्री कन्यादान निकाह योजना में 25 हजार रुपये के स्थान पर 51 हजार रुपये की राशि का प्रावधान कर दिया गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को दुगुना करते हुए 300 रुपये के स्थान पर अब 600 रुपये दिए जाएंगे। बेरोजगार युवाओं को 4 हजार रुपये प्रतिमाह स्टायपेंड के साथ तकनीकी कौशल सीखाने की व्यवस्था मुख्यमंत्री युवा स्वाभिमान योजना में की गई है। यह सरकार सब वर्गां के लिए काम करने वाली सरकार है। जय किसान फसल ऋण माफी योजना में मुख्यमंत्री ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि कोई भी पात्र किसान कर्जमाफी से वंचित नहीं रहेगा।
कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने अपने उदबोधन में कर्जमाफी योजना के प्रावधानों से अवगत कराया। इस अवसर पर श्री शिवनाथ सिंह राजावत, श्री रायसिंह भूरिया, श्री मकना जी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी उपायुक्त सहकारिता श्री परमानंद गोडरिया, जनपद पंचायत बाजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम रावटी के कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित हुआ। लाभान्वित किसानों को अतिथियों के हाथों कर्जमुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
बाजना में 26 फरवरी को लाभ वितरण
जय किसान फसल ऋण माफी योजनान्तर्गत जिले के बाजना में 26 फरवरी को लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। स्थानीय स्टेडियम ग्राउण्ड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हजारों किसानों को ऋण मुक्ति प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।

You missed

error: Content is protected !!