खबर पक्की, 1 अक्टूबर, रतलाम। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस का 28 सितंबर से 8 अक्टूबर तक 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ट्रैफिक आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत 1 अक्टूबर को सूबेदार अनोखीलाल परमार ने यातायात पुलिस आरक्षक भगत सिंह एवं नरेंद्र चौरे के साथ शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय तथा पीएम विश्वकर्मा एडवांस ट्रेनिंग सेंटर, शहर सराय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में करीब 1300 विद्यार्थियों को यातायात नियमों, हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित वाहन चलाने के संबंध में जानकारी दी गई। स्कूल बसों में उपलब्ध आपातकालीन द्वार, गति नियंत्रक, जीपीएस, सीसीटीवी और अग्निशामक यंत्र जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों एवं स्टाफ को पीएम राहत कैशलेस योजना और राहवीर योजना की जानकारी देते हुए दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद कर गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने का महत्व समझाया गया। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी सुरक्षित रखने की अपील की।
सड़क सुरक्षा अभियान : 1300 विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी
