• Wed. Aug 5th, 2026

नए साल में 16 रुपए तक सस्ता हो सकता है पेट्रोल, जानिए कैसे होगा ऐसा

BySurendra Jain

Dec 27, 2018

नई दिल्ली। अंतरराष्‍ट्रीय स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार कम होने का सिलसिला पिछले एक महीने से जारी है। इसे देखते हुए भारत में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम घटते नजर आ रहे हैं। दूसरी और डॉलर के मुकाबले रुपया भी मजबूत हो रहा है। इसे देखते हुए विशेषज्ञों ने दावा किया कि नए साल में देश में पेट्रोल 6 रुपए तक सस्ता हो सकता है।

इसके अलावा पुणे में सरकार पेट्रोल में मिथेनॉल मिलाकर वाहनों को चला रही है। यदि यह प्रयोग सफल रहा, तो नए साल में पेट्रोल के दाम 10 रुपए प्रति लीटर तक और कम हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सरकार पेट्रोल में मिथेनॉल मिलाकर पेट्रोल की कीमत में कटौती की योजना पर काम कर रही है।

इसके लिए पुणे में 15 फीसद मिथेनॉल मिले हुए पेट्रोल से गाड़ियां चलाई जा रही हैं। अगर यह दोनों ही काम एक साथ हो जाए तो पेट्रोल के दाम 16 रुपए तक कम हो सकते हैं। बता दें कि पिछले दो महीने में पेट्रोल के दाम 14 रुपए तक कम हुए हैं।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 69.79 रुपए, कोलकाता में 71.89 रुपए, मुंबई में 75.41 रुपए और चेन्नई में 72.41 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर रहीं। वहीं, डीजल के दाम दिल्ली में 63.83 रुपए, कोलकाता में 65.59 रुपए, मुंबई में 66.79 रुपए और चेन्नई में 67.38 रुपए प्रति लीटर रहे।

गौरतलब है कि 3 अक्टूबर को कच्चा तेल अपने इस साल के ऊपरी स्तर 86.74 डॉलर प्रति बैरल पर था। वहीं, अब इसका दाम 42 फीसद गिरकर 50 डॉलर प्रति बैरल हो गया है। जानकारों का मानना है कि कच्चे तेल का दाम 47 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकता है। इससे देश में भी पेट्रोल के दाम तेजी से कम होने का अनुमान है।

तेल कंपनियां कच्चे तेल के अंतरराष्‍ट्रीय दामों के साथ ही, डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत और इंटरनेशनल मार्केट में पेट्रोल-डीजल के दाम के आधार पर तय करती है। बताते चलें कि भारत अपनी जरूरत का 80 फीसद तेल आयात करता है। ऐसे में अंतराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे भावों का उस पर बड़ा असर होता है। भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम हर दिन तय होते हैं।

You missed

error: Content is protected !!