रतलाम। स्वच्छता हम घर में रखते हैं, लेकिन जब इसे अभियान बनाया जाता है तो हर स्थान पर लोगों की यह आदत बनती है। मैंने रेलवे स्टेशन पर देखा कि आदिवासी परिवार खाना खा रहा था और उनसे अंत में कागज, पत्तल फैंकते समय प्लेटफार्म पर कुछ गिर गया। हमने उन्हें कुछ नहीं कहा, लेकिन इसके पहले ही उस व्यक्ति ने कहा कि मुझसे गलती हो गई और खुद ही वह स्थान साफ कर दिया। मैं उस परिवार को नहीं जानता हु लेकिन हमेशा के लिए उसकी छाप मेरे दिल पर रहेगी। यह बात रतलाम रेल मंडल के डीआरएम आरएन सुनकर ने मंगलवार को स्वच्छता पखवाड़े में रतलाम रेल मंडल द्वारा किए गये प्रयासों को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। डीआरएम के अलावा एडीआरएम, सीनियर डीसीएस, सीनियर डीओएम, सीनि डीईएन, एसीएम, डीसीएम, पीआरआई आदि अधिकारी भी मौजूद थे।
इस दौरान डीआरएम श्री सुनकर ने स्वच्छता पखवाड़े के दौरान किए गए कार्यो के बारे में बताने के साथ-साथ पत्रकारों से सुझाव लिए और तत्काल अमल करने के लिए अधिकारियों को भी ताकीद किया। साथ ही उन्होंने कहा कि रतलाम रेल मंडल एकमात्र ऐसा मंडल है जहां यूनियन और अन्य सहायक संगठन केवल शिकायत नहीं करते बल्कि हमेशा सुझाव देते हैं और बेहतरी के लिए साथ मिलकर काम करते हैं। उन्होंने आम लोगों और मीडिया के सकारात्मक रूख की भी प्रशंसा की।
मंडल में हुए स्वच्छता के ये प्रयास
-डीआरएम ने बताया कि प्लेटफार्म 4 से 7 तक हर कोने, स्टाल, सीढियों की सघन सफाई की गई है। जिसमें आम लोगों, कर्मचारियों, परिवारों ने भी भाग लिया।
-पौधारोपण के लिए नए पौधे कम लगाए गए हैं, लेकिन उन्हें बड़ा करके पेड़ बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी दी गई है।
-रेलवे स्टेशन परिसर में भी सौंदर्य बढाने के लिए किले की आकृति देने के साथ चित्रकारी, लोगों के सहयोग से कार्य किए गए हैं।
-ट्रेनों में ऑन बोर्ड क्लीनिंग के साथ ट्वीटर, वाट्सएप पर शिकायतों पर तत्काल निराकरण, सफाई करवाई जा रही है।
-आम लोगों से फीडबैक लेकर लगातार सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
-रेलवे कॉलोनी में हर रो के आखिर में लगे लोह के जंगले के भीतर बने स्क्वायर और शांतिवन में पौधोरोपण कर सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
