• Fri. Nov 27th, 2026

इंदौर के व्यापारी के साथ रतलाम में हुई लूट का पर्दाफाश, व्यापारी का ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड, दो साथियों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम, एक आरोपी इंजीनियर

BySurendra Jain

Nov 27, 2026

खबर पक्की, 27 नवंबर, रतलाम। महू-नीमच रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने 19 नवम्बर को हुई 8 लाख 15 हजार रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने 10 दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। इस वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि लूट की साजिश में कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि व्यापारी का ड्राइवर ही शामिल था। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले जावरा में ही लूट की कोशिश की, लेकिन वहां कामयाब नहीं होने पर व्यापारी की कार का पीछा करते हुए रतलाम पहुंचे और यहां वारदात को अंजाम दिया।
एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा किया। इस दौरान एएसपी विवेक कुमार और स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम भी मौजूद रहे। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 लाख 21 हजार रुपये नकद, लूट में इस्तेमाल किया गया काले रंग का बैग, कलेक्शन के दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक मैकेनिकल इंजीनियर भी शामिल है, जो इंदौर में एक शोरूम में सर्विस मैनेजर के पद पर काम करता है।
ऐसे बनाई थी लूट की योजना
पुलिस के अनुसार, फरियादी हर्षित पिता नरेंद्र चंदाना (34), निवासी इंदौर, कन्फेक्शनरी उत्पादों (गोली, बिस्किट, चॉकलेट) की मार्केटिंग का काम करते हैं। उनका कारोबार रतलाम, नीमच, मंदसौर, जावरा सहित कई क्षेत्रों में है।
19 नवम्बर को वे अपने ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े के साथ दोस्त की कार से इंदौर से मंदसौर, नीमच और रतलाम की ओर कलेक्शन के लिए निकले थे। मंदसौर और नीमच से व्यापारियों से रुपये एकत्रित करने के बाद उनके पास कुल 8 लाख 15 हजार 510 रुपये थे। दोनों कार से वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान महू-नीमच रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने दो बाइक सवार बदमाशों ने कार को निशाना बनाया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट पर स्टेशन रोड थाने में धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
ड्राइवर पर शुरू से था संदेह
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में साइबर सेल, सीसीआर और इंट्रोगेशन टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर करीब 150 से 200 किलोमीटर के दायरे में 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। घटनास्थल का पीएसटीएन डाटा भी प्राप्त कर उसका विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को व्यापारी के ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े की भूमिका संदिग्ध लगी। घटना के संबंध में पूछताछ के दौरान उसके जवाब संतोषजनक नहीं थे। पुलिस ने उसकी गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह अक्सर अपने दो दोस्तों चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार के साथ रहता था। दोनों के साथ उसका उठना-बैठना और शराब पीना भी सामने आया।
पुलिस ने दोनों संदिग्धों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने व्यापारी के ड्राइवर गजानंद के साथ मिलकर लूट की योजना बनाना और वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर को भी पकड़ लिया।
मैकेनिकल इंजीनियर भी लूट में शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में चेतन पिता कमल मंडलोई (26), निवासी द्वारकापुरी, इंदौर भी शामिल है। एसपी अमित कुमार के अनुसार, चेतन मैकेनिकल इंजीनियर है और इंदौर में एक शोरूम में सर्विस मैनेजर के रूप में काम करता है। दूसरा आरोपी राजकुमार पिता जीवनलाल रायकवार (37), निवासी बीजलपुर, इंदौर है। तीसरा आरोपी गजानंद उर्फ गोलू पिता विष्णु भिड़े (33), निवासी रंगवासा, राऊ, इंदौर है, जो व्यापारी के साथ ड्राइवर के रूप में जाता था।
एसपी के मुताबिक, ड्राइवर स्थायी कर्मचारी नहीं था। व्यापारी जब बाहर कलेक्शन के लिए जाते थे तो पिछले दो-तीन दौरों में वह उनके साथ गया था। इसी दौरान उसे कलेक्शन की रकम और व्यापारी की आवाजाही की जानकारी हो गई थी।
6.21 लाख रुपये और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 लाख 21 हजार रुपये नकद, काले रंग का बैग, कलेक्शन के दस्तावेज और डायरी बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। बाइक की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।इस प्रकार पुलिस ने लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पन्द्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
इसमें निरीक्षक अय्यूब खान, थाना प्रभारी बिलपांक, निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन, थाना प्रभारी रिंगनोद, उपनिरीक्षक दीपक यादव, गुलाब सिंह सहित साइबर सेल, प्रधान रक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक मयंक व्यास, सीसीआर टीम और स्टेशन रोड थाने के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!