• Thu. Nov 12th, 2026

बिना अनुमति पेड़ काटने के मामले में अफजल कप्तान और पत्नी पर एफआईआर दर्ज, निगम कर्मचारियों को दी जान से मारने की धमकी

BySurendra Jain

Nov 12, 2026

खबर पक्की, 12 नवंबर, रतलाम। रतलाम। रत्नेश्वर रोड पर बिना अनुमति पेड़ काटने के मामले में नगर निगम के उद्यान विभाग की कार्रवाई के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि अफजल कप्तान और उसकी पत्नी ने निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए अश्लील गाली-गलौज की, शासकीय कार्य में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी दी। मामले में नगर निगम की शिकायत पर थाना स्टेशन रोड पुलिस ने दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर बुधवार को रत्नेश्वर रोड पर कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति पेड़ काटे जाने की सूचना दूरभाष पर मिली थी। इस पर उद्यान पर्यवेक्षक अनिल धाकड़ ने अधीनस्थ कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने पेड़ काट रहे लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने अफजल कप्तान के कहने पर पेड़ काटना बताया। इस दौरान निगम कर्मचारियों ने पेड़ काटने की मशीन जब्त कर ली।
इसी कार्रवाई को लेकर शाम करीब 4:30 बजे अफजल कप्तान अपनी पत्नी के साथ कालिका माता उद्यान स्थित जोन कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने उद्यान प्रभारी अधिकारी अनिल पारा और उद्यान पर्यवेक्षक अनिल धाकड़ के साथ अभद्रता करते हुए अपशब्द कहे और मशीन जब्त करने पर नाराजगी जताई। आरोप है कि अफजल कप्तान ने धारदार हथियार दिखाकर दोनों अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद अफजल कप्तान और उसकी पत्नी रत्नेश्वर रोड स्थित भोलेनाथ मंदिर के पास खाली स्थान पर पहुंचे, जहां निगम कर्मचारी मनोहर पिता नंदलाल माली (मुख्य माली), नारायण सिंह गेहलोत (मुख्य माली), जितेंद्र माली और पुष्कर सालवी मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने कर्मचारियों के साथ अश्लील गाली-गलौज की और पेड़ काटने की मशीन तथा काटी गई लकडिय़ों को जब्त करने की कार्रवाई में बाधा पहुंचाई।
आरोपियों ने जब्त की जा रही मशीन को जबरन ले जाने का प्रयास किया और कर्मचारियों को धमकी दी कि यदि लकडिय़ां जब्त की गईं तो सभी को जान से खत्म कर देंगे। घटना के बाद नगर निगम की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अफजल कप्तान और उसकी पत्नी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

You missed

error: Content is protected !!