• Tue. Oct 27th, 2026

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने दर्ज कराया प्रकरण, रुपए मांगने और सोशल मीडिया पर छवि बिगाडऩे की धमकी देने का आरोप, पुलिस कर रही जांच

BySurendra Jain

Oct 27, 2026

खबर पक्की, 27 अक्टूबर, रतलाम। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय से 50 हजार रुपये की कथित अवैध वसूली मांगने और रकम नहीं देने पर मीडिया में उनकी छवि धूमिल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उपाध्याय की शिकायत पर दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने रतलाम निवासी मनोज शर्मा नाम के व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत में घटना 24 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे की बताई गई है। प्रदीप उपाध्याय पार्टी के कार्य से अपनी निजी कार में चालक और अन्य लोगों के साथ हाट रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान हाट रोड पुलिया के पास मनोज शर्मा नामक व्यक्ति के उनकी गाड़ी के नजदीक पहुंचने की बात शिकायत में कही गई है।
50 हजार रुपये मांगे, इनकार करने पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता प्रदीप उपाध्याय के अनुसार, आरोपी ने उनसे कथित तौर पर अवैध रूप से पैसों की मांग की। जब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया, तो मीडिया में उनके खिलाफ उल्टा-सीधा लिखकर छवि खराब करने की धमकी दी गई। शिकायत में 50 हजार रुपये की मांग करने और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का भय दिखाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
मामले में प्रदीप उपाध्याय की शिकायत के आधार पर दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने सोमवार को मनोज शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

You missed

error: Content is protected !!