खबर पक्की, 14 अक्टूबर, रतलाम। जावरा में पारिवारिक विवाद में चाकूबाजी का मामला सामने आया है। पत्नी को मनाने और अपने साथ ले जाने की कोशिश में नाकाम रहे पति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि 8 माह की मासूम बेटी भी मामूली रूप से घायल हो गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पूर्व मंगेतर के साथ पहुंची थी थाने
जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर को एक विवाहित महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार शाम करीब 4 बजे महिला अपने पूर्व मंगेतर के साथ जावरा थाने पहुंची। पूर्व मंगेतर खाचरौद तहसील का निवासी है और विवाहित बताया जा रहा है। पुलिस ने थाने में महिला के बयान दर्ज किए।
इसी दौरान महिला का पति भी थाने पहुंच गया। बताया जा रहा है कि 8 माह की बेटी के प्रति लगाव के चलते वह पत्नी को समझाकर अपने साथ ले जाना चाहता था। उसने पत्नी को साथ चलने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया।
इनकार से नाराज पति ने निकाल लिया चाकू
महिला के लगातार मना करने पर पति आक्रोशित हो गया। पुलिस ने महिला को वन स्टॉप सेंटर जाने की सलाह दी थी, लेकिन इससे पहले ही थाना परिसर में पति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। हमले में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव के दौरान 8 माह की बच्ची को भी मामूली चोट लग गई।
महिला रतलाम रेफर, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। घायल महिला को पहले जावरा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद उसे रतलाम रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
