• Mon. Oct 12th, 2026

बिजली खंभे पर फॉल्ट सुधार रहे आउटसोर्स कर्मचारी की मौत, 1 घायल, शव रखकर किया गया प्रदर्शन, घंटों तक चला हंगामा, मुआवजे की मांग

BySurendra Jain

Oct 12, 2026

खबर पक्की, 12 अक्टूबर, रतलाम। जिले के गांव धराड़ में बिजली पोल पर कार्य कर रहे एक आउटसोर्स कर्मचारी की मौत और 1 के घायल होने के बाद हंगामा हो गया। युवक आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में धराड़ ग्रिड पर कार्यरत थे। लेकिन देर रात ड्यूटी के घंटे समाप्त होने के बाद अचानक बुलाकर काम करवाने के दौरान उनके साथ हादसा हो गया।
कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ ग्रामीणों के साथ सोमवार सुबह धराड़ स्थित बिजली कंपनी ग्रिड दफ्तर पंहुचे। यहां मृतक युवक का शव लेकर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जिन्होंने शव को जमीन पर रखकर प्रदर्शन किया। धाकड़ ने आरोप लगाए कि बिजली कंपनी के अधिकारियों ने ड्यूटी के घंटे पूरे होने के बाद बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के हाईटेंशन लाइन रिपेयर करने चढ़ा दिया। इस हादसे में युवक की मौत के बाद धाकड़ ने कंपनी पर आरोप लगाए कि वे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के देवेभो कर्मचारियों को सोते से उठाकर काम करवाते हैं, जबकि शासकीय कर्मचारी जिनकी जिम्मेदारी है वो आराम करते हैं। हादसे होने पर भी उनके परिवारों को उचित मदद, मुआवजा भी नहीं दिया जाता।
धाकड़ ने मांग की कि, मृतक कर्मचारी के परिवार में किसी को नियुक्ति देने के साथ 20 लाख रूपए की आर्थिक सहायता परिवार को दी जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी दुर्घटना कहीं भी न हो इसके लिए पर्याप्त कदम उठाएँ जाएँ।
धाकड़ ने इस दौरान म.प्र. विद्युत वितरण बिजली कंपनी के अधिकारियों द्वारा जवाब नहीं देने पर जमकर नाराजगी भी जताई। पुलिस और अधिकारियों के सामने उन्होंने कहा कि अगर 10 मिनट में जवाब नहीं मिला तो कलेक्टर के सामने शव ले जाकर वहीं प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद प्रशासन और बिजली कंपनी के अधिकारियों ने परिवार को हर संभव मदद पंहुचवाने के लिए कंपनी के उच्च अधिकारियों से बात करके आज ही निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार धराड़ में मृतक विनोद सहित 4 युवक दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी के रूप में बिजली कंपनी के साथ कार्य कर रहे थे। रविवार-सोमवार दरमियानी रात धराड़ में बिजली बंद होने पर आ रही शिकायतों के बाद कंपनी के जेई ने इन कर्मचारियों को घर जाकर उठाया और फाल्ट रिपेयर करने के लिए कहा। इसके बाद चारों ही नींद से जागकर फाल्ट रिपेयर करने पंहुचे लेकिन वहां नीचे घरेलु लाईन जबकि ठीक ऊपर हाईटेंशन लाईन गुजर रही थी। आरोप है कि बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने हाईटेंशन लाइन बंद नहीं की गई, जिसके कारण रिपेयर करने पंहुचा युवक वहीं करंट लगने से मर गया। इसके साथ ही 1 युवक घायल हो गया।

You missed

error: Content is protected !!