खबर पक्की, 7 अक्टूबर, रतलाम। रतलाम रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर 7 की ओर मालवा अधिकारी रेस्ट हाउस के सामने खड़ी एक अनुबंधित बलेनो कार में ड्राइवर का शव मिला। कार रेलवे के कंट्रोल ऑफिस के शासकीय कार्यों में उपयोग की जाती थी। शव कार की पिछली सीट पर अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हिम्मत के रूप में हुई है। वह रेलवे में अनुबंधित कार पर अस्थाई तौर पर ड्राइवर का काम करता था। बताया जा रहा है कि संबंधित कार का इस्तेमाल अधिकांशत: रेलवे के कंट्रोल ऑफिस के शासकीय कार्यों के लिए किया जाता था।
तीन दिन से घर नहीं लौटा था
परिजनों के अनुसार मृतक पिछले करीब तीन दिनों से घर नहीं लौटा था। बुधवार सुबह रेलवे स्टेशन परिसर में कार खड़ी होने और उसके भीतर शव मिलने की सूचना से परिवार में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
आत्महत्या की आशंका, दूसरे पहलुओं पर भी जांच
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस आत्महत्या की आशंका से मामले की जांच कर रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ ही मृतक के पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम, उसके संपर्क में रहे लोगों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा कार और घटनास्थल से मिलने वाले तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-7 के पास अनुबंधित कार में मिला शव, तीन दिन से लापता था युवक, जीआरपी जांच में जुटी
