खबर पक्की, 3 अक्टूबर, रतलाम। शहर के न्यू बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में बदमाशों ने स्टेट एक एटीएम को निशाना बनाते हुए मशीनों के डोर लॉक तोडऩे का प्रयास किया। हालांकि वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। बस स्टैंड क्षेत्र की तीन दुकानों के ताले तोड़कर बदमाश नकदी और हजारों रुपए का सामान ले गए। लगातार हुई वारदातों से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार डोंगरे नगर निवासी सफाई मित्र एसबीआई के एटीएम की सफाई का काम करता है। गत दिवस वह न्यू बाजना बस स्टैंड स्थित एटीएम की सफाई करने पहुंचा तो अंदर लगी दोनों एटीएम मशीनों के डोर लॉक टूटे मिले। मशीनों की स्क्रीन भी क्षतिग्रस्त थी। प्रथमदृष्टया सामने आया कि रात में किसी अज्ञात बदमाश ने एटीएम में तोडफ़ोड़ का प्रयास किया था।
सफाई मित्र ने इसकी जानकारी अपने अधिकारी को दी। इसके बाद मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस अब एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
तीन दुकानों के भी टूटे ताले
एटीएम के अलावा बदमाशों ने बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानों को भी निशाना बनाया। दीनदयाल नगर निवासी एक व्यापारी, जो बाजना बस स्टैंड पर दुकान संचालित करते हैं, सुबह दुकान पहुंचे तो ताले टूटे मिले। दुकान के गल्ले में रखे 2500 रुपए और करीब 6500 रुपए कीमत के सिगरेट के पैकेट बदमाश चोरी कर ले गए।
वहीं ग्राम गढ़ीगमना निवासी एक व्यापारी की बस स्टैंड स्थित स्टेशनरी की दुकान में भी चोरी हुई। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर प्रैक्टिकल की कॉपियां, स्केच कलर के पैकेट, पेन-बॉल पेन के पैकेट सहित करीब 3 हजार रुपए नकद ले गए।इसी के समीप पान की दुकान संचालित करने वाले व्यापारी अंकित पडिय़ार की दुकान को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। यहां से भी हजारों रुपए का सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
न्यू बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में एटीएम में तोडफ़ोड़ के साथ ही दुकानों के ताले टूटने की घटनाओं ने क्षैत्र की पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों ने किस तरह वारदात को अंजाम दिया और सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह है या अलग-अलग बदमाश हैं, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
