खबर पक्की, 3 अक्टूबर, रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अस्पताल में ओपीडी, कोल्ड चेन पॉइंट, ड्रेसिंग रूम, आंतरिक रोगी कल्याण कक्ष, इंजेक्शन रूम, औषधि एवं वितरण कक्ष, दवा स्टोर तथा प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली में प्रतिमाह लगभग 4 हजार ओपीडी होती है। इसके साथ ही प्रतिमाह लगभग 60 प्रसव भी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
अस्पताल में उपस्थित लोगों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से कलेक्टर ने एक्स-रे मशीन तथा ऑक्सीजन की उपलब्धता एवं स्थिति की जानकारी भी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित संबंधित जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य केंद्र नामली में प्रतिमाह 4 हजार ओपीडी और 60 डिलीवरी, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर : कलेक्टर, कलेक्टर श्री कटेसरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली का किया औचक निरीक्षण
