खबर पक्की, 24 सितंबर, रतलाम। आगामी अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर रतलाम पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, चल समारोहों और अन्य आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस बल को सतर्क किया गया है।
मैदानी सुरक्षा के साथ सोशल मीडिया की निगरानी
त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस के सोशल मीडिया सेल द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित होने वाली पोस्ट, वीडियो, टिप्पणियों और अन्य सामग्री पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री के प्रसार को समय रहते रोकना है।
अफवाहों से बचने की पुलिस की अपील
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी ऐसी सामग्री को पोस्ट, साझा या आगे प्रसारित न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो। पुलिस ने कहा कि किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें। अफवाह अथवा भ्रामक जानकारी सामने आने पर उसे साझा करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने पर कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक, भड़काऊ, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वाली अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में रतलाम पुलिस का उद्देश्य अनंत चतुर्दशी सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करते हुए आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की है।
