• Mon. Sep 21st, 2026

नशे की तस्करी पर सख्ती के निर्देश, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, पुलिस, आबकारी, एनसीबी और सीबीएन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर; स्कूलों में चलेंगे नशामुक्ति जागरूकता अभियान

BySurendra Jain

Sep 21, 2026

खबर पक्की, 21 सितंबर, रतलाम। जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर सोमवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री कटेसरिया ने मादक पदार्थों की रोकथाम और अवैध तस्करी के विरुद्ध पुलिस एवं एनसीबी द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने औषधि निरीक्षक को नशीली दवाओं के अवैध उपयोग और बिक्री की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए सीबीएन, एनसीबी और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी रूप से कार्य करें।
हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर लगातार निगरानी
कलेक्टर ने पुलिस एवं संबंधित विभागों को मादक पदार्थों की तस्करी वाले हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफेमा अधिनियम सहित उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए।
स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्कूलों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही आरटीओ के माध्यम से बसों में नशामुक्ति संबंधी फ्लेक्स एवं बैनर लगाने के लिए कहा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों का संदेश पहुंचाया जा सके।

You missed

error: Content is protected !!