खबर पक्की, 10 सितंबर, रतलाम। जिले के नामली में आपसी विवाद के बाद युवाओं के दो गुटों में मारपीट हो गई। विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया और एक गुट के युवकों ने दूसरे गुट के युवक चेतन राठौड़ की पीठ पर चाकू मार दिया। घटना गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नामली के फोरलेन स्थित सांवलिया ढाबा के पास हुई। घायल चेतन को पहले नामली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी पीठ पर तीन टांके आए हैं।
जानकारी के अनुसार नामली निवासी चेतन राठौड़ और कुलदीप तंवर के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों गुटों के युवा आपस में झगडऩे लगे। बीच-बचाव के दौरान चेतन को चाकू मार दिया गया, जो उसकी पीठ पर लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के पहुंचने तक चाकू मारने वाले युवक मौके से भाग चुके थे।
मारपीट और चाकू मारने का आरोप नामली निवासी कुलदीप तंवर, जावरा के हसनपालिया निवासी किशोर मालवीय और अन्य लोगों पर लगाया गया है। नामली थाना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए नामली थाना पुलिस इन गुटों की बैठक लेने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही विवाद हो गया। घटना के पीछे दोनों गुटों के बीच मान-प्रतिष्ठा और वर्चस्व की लड़ाई की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है। पुलिस के मुताबिक होटल से बाहर निकलते समय रास्ता देने को लेकर कहासुनी हुई थी, जो मारपीट और फिर चाकूबाजी में बदल गई।
नामली थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि पीडि़त और आरोपी एक-दूसरे से पहले से परिचित हैं और एक-दूसरे को जानते-पहचानते हैं। प्रथमदृष्टया होटल से बाहर निकलते समय रास्ता देने को लेकर छोटा और सामान्य विवाद हुआ था। इसके बाद कहासुनी और विवाद बढऩे पर चाकूबाजी की घटना हो गई। कुलदीप तंवर, किशोर मालवीय समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।
दो गुटों में विवाद, युवक को मारा चाकू, तीन टांके आए, पुलिस बोली-आपसी कहासुनी को लेकर हुआ विवाद
