खबर पक्की, 1 सितंबर, रतलाम। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी नामली निरीक्षक अमित कोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम पंचेड़ फांटे पर महू-नीमच रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। 31 अगस्त की रात चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक वाहन को लहराते और असामान्य तरीके से चलाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रोककर चालक विजय की जांच की, जिसमें उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने प्रकरण में चालक पर 10 हजार रुपए का नगद जुर्माना लगाया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
रतलाम पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन करें।
